हिलांस और आंचल कैफे बन रहा यात्रियों की पहली पसंद
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों के लिए हिलांस और आंचल कैफे लोकप्रिय हो रहे हैं। राज्य सरकार ने स्वास्थ्य उन्मुख अभियान शुरू किया है, जिसमें कम तेल, चीनी और नमक वाला भोजन परोसा जा...

उत्तराखंड में चारधाम यात्रा पर आ रहे तीर्थयात्रियों के लिए हिलांस और आंचल कैफे पहली पसंद बन रहे हैं। राज्य सरकार की इस पहल का यात्री भी स्वागत कर रहे हैं। सरकार ने फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया के साथ मिलकर एक स्वास्थ्य उन्मुख अभियान शुरू किया है, जिसमें यात्रा मार्ग पर यात्रियों को कम तेल, चीनी और नमक वाला भोजन परोसा जा रहा है। साथ ही स्थानीय उत्पादों और व्यंजनों को भी खूब बढ़ावा मिल रहा है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बदरीनाथ और केदारनाथ हाईवे के साथ ही केदारनाथ पैदल मार्ग के किनारे स्थायी और अस्थायी दुकानें आवंटित की हैं।
यहां पर स्थानीय लोग ढाबे और कैफे चला रहे हैं। जिनमें मंडुवा, झंगोरा, बुरांश, माल्टा, आंवला जैसे स्थानीय उत्पादों से बने व्यंजन श्रद्धालुओं को परोसे जा रहे हैं। यह व्यंजन न केवल स्वादिष्ट हैं बल्कि पोषण से भरे हुए हैं। यात्रा मार्ग पर कई स्थानों पर हिलांस और आंचल कैफे भी संचालित हो रहे हैं, जिनका संचालन स्थानीय युवाओं द्वारा किया जा रहा है। इन कैफे में यात्रियों को दूध, लस्सी, छाछ, आइसक्रीम और अन्य स्थानीय उत्पादों से बने पेय पदार्थ व भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। गुप्तकाशी, सोनप्रयाग, तिलवाड़ा, खांखरा, भीरी, गबनी गांव सहित कई स्थानों पर इन कैफे का संचालन हो रहा है। रुद्रप्रयाग के जवाड़ी बाईपास मोटर मार्ग पर कालापहाड़ और जवाड़ी गांव के ग्रामीणों द्वारा भी ढाबे संचालित किए जा रहे हैं। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने सरकार की इस पहल की सराहना की है। दिल्ली से आए वरुण, गुजरात से आए अंकित और फोरम ने कहा कि यात्रा के दौरान स्वास्थ्य का ध्यान रखना बहुत जरूरी है और राज्य सरकार की यह पहल प्रशंसनीय है। इधर, जिलाधिकारी डॉ. सौरभ गहरवार ने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी यात्रा में स्थानीय लोगों के रोजगार और उत्पादों को प्राथमिकता दी गई है। होटल, लॉज, ढाबे और दुकानों पर बुरांश, माल्टा और आंवले के जूस, अचार और अन्य स्थानीय उत्पाद यात्रियों को परोसे जा रहे हैं। यह उत्पाद यात्रियों को बेहद पसंद आ रहे हैं।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।