
इगास पर आपदा प्रभावित परिवारों के बीच पहुंचे मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ग्राम भौंर में आपदा प्रभावित परिवारों से बात की और राहत कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने मृतक परिवारों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता दी और अधिकारियों को समय पर राहत देने के निर्देश दिए। उन्होंने स्थाई हेलीपैड निर्माण और आंगनबाड़ी केंद्र की घोषणा भी की।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लोकपर्व इगास के मौके पर जनपद के तहसील वसुकेदार क्षेत्र के ग्राम भौंर में पहुंचे। जहां उन्होंने बीते अगस्त माह में आई आपदा प्रभावित परिवारों से वार्ता की। साथ ही राहत एवं पुनर्निर्माण कार्यों की स्थलीय समीक्षा भी की। मुख्यमंत्री ने आपदा के दौरान जान-माल की क्षति उठाने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए मृतक कुलदीप सिंह नेगी वन श्रमिक एवं सते सिंह के परिवार को आर्थिक सहायता के रूप में पांच-पांच लाख रुपये के चेक दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार प्रभावित परिवारों के पुनर्वास एवं राहत कार्यों के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने ग्राम भौंर में आपदा प्रभावितों से व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर उनके अनुभवों और समस्याओं को सुना। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्रभावित परिवारों को समय रहते राहत सहायता प्रदान की जाए और पुनर्निर्माण कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा किया जाए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित क्षेत्र में सड़क, पेयजल, बिजली, आवास, संचार व्यवस्था से जुड़ी सभी क्षतिग्रस्त संरचनाओं का त्वरित पुनर्निर्माण किया गया है। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित परिवारों के साथ मध्यान्ह भोजन भी किया। उनके साथ समय व्यतीत करते हुए उन्हें भरोसा दिलाया कि सरकार उनके साथ खड़ी है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि राहत कार्यों में पारदर्शिता, तत्परता एवं संवेदनशीलता बरती जाए। मुख्यमंत्री ने आपदा प्रभावित क्षेत्र में आपातकालीन परिस्थितियों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए इस क्षेत्र में स्थाई हेलीपैड निर्माण की घोषणा की। इसके साथ ही ग्रामीणों की मांग पर ग्राम भौंर में आंगनबाड़ी केंद्र के निर्माण की घोषणा की। उन्होंने शीघ्र ही इस गांव तक सड़क निर्माण करने, जिससे क्षेत्र में दोपहिया वाहन की आवाजाही हो सके। इसके लिए एक करोड़ की धनराशि देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने छेनागाड़ में आपदा के दौरान जिन लोगों ने अपने आवास खोए है, उनके विस्थापन करने की योजना बनाने के लिए निर्देश दिए। साथ ही जिन लोगों के वाहन आपदा के दौरान क्षतिग्रस्त हुए है उनको भी मुआवजा देने की बात कही। सीएम ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास के लिए मुख्यमंत्री राहत कोष में विशेष प्रावधान किए गए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि कठिन समय में धैर्य बनाए रखें और सरकार द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें। सीएम के आगमन पर ग्रामीणों ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे राहत प्रयासों की स्थानीय लोगों ने प्रशंसा की। इस मौके पर विधायक रुद्रप्रयाग भरत चौधरी, जिलाधिकारी प्रतीक जैन, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत, अपर जिलाधिकारी श्याम सिंह राणा, पुलिस उपाधीक्षक प्रबोध घिल्डियाल, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदन सिंह रजवार सहित अनेक विभागों के अधिकारी कर्मचारी मौजूद थे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




