
दवाई फैक्ट्री के गेट पर दूसरे दिन भी श्रमिकों का धरना जारी
भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक दवा फैक्ट्री में कर्मचारियों ने वेतन और कार्य स्थितियों को लेकर धरना जारी रखा। श्रमिकों ने 12 मांगों का पत्र प्रस्तुत किया, जिसमें पिछले तीन महीनों का वेतन, न्यूनतम मजदूरी और ओवरटाइम का भुगतान शामिल है। प्रदर्शन के दौरान स्थिति तनावपूर्ण हो गई, लेकिन पुलिस ने हस्तक्षेप किया।
भगवानपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित एक दवा फैक्ट्री में कर्मचारियों ने मांगों को लेकर मंगलवार को दूसरे दिन भी गेट पर धरना प्रदर्शन जारी रखा। इस दौरान मौके पर पहुंचे भगवानपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच कहासुनी हो गई। इसे पुलिस ने बामुश्किल शांत कराया। इंजीनियर ललित कुमार के नेतृत्व में धरने पर बैठे श्रमिकों ने प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए 12 सूत्रीय मांग पत्र रखा है। श्रमिकों ने पिछले तीन माह से रुके वेतन का तुरंत भुगतान करने, न्यूनतम मजदूरी मानकों के अनुसार वेतन और ईएसआई-ईपीएफ की सुविधा देने, वेतन का भुगतान हर माह की 7 तारीख तक करने, आठ घंटे से अधिक कार्य करने पर दोगुना ओवर टाइम देने, ठेकेदारी प्रथा को समाप्त करने और बिना नोटिस किसी को न निकालने और सैलरी स्लिप और पंचिंग आईडी कार्ड जारी करने की मांग की है।
इधर, धरनास्थल पर भगवानपुर इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि समझाने पहुंचे तो श्रमिक उग्र हो गए और दोनों पक्षों में जमकर कहासुनी हुई। एसोसिएशन महासचिव गौतम कपूर ने कहा कि इस प्रदर्शन में कुछ बाहरी लोगों का हस्तक्षेप है। वे माहौल बिगाड़ रहे हैं। उन्होंने ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। श्रमिकों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी वे पीछे नहीं हटेंगे। प्रदर्शन करने वालों में शमीम, सुमित कुमार, अजहर, रुद्र शर्मा, दल सिंह, हीरा राम, सुमित प्रदीप, रितेश, अक्षय, गौरव, आदेश, शादी राम, परविंदर अज्ञैर सौरभ पाल आदि शामिल रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




