ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड रुड़कीसफाई कर्मचारियों ने रैली निकाल लगाया जाम

सफाई कर्मचारियों ने रैली निकाल लगाया जाम

शहर में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के मुख्य द्वार के बाहर सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया। ...

सफाई कर्मचारियों ने  रैली निकाल लगाया जाम
हिन्दुस्तान टीम,रुडकीMon, 26 Jul 2021 07:50 PM
ऐप पर पढ़ें

देव भूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के आह्वान पर 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में चल रही सफाई कर्मियों की हड़ताल आठवें दिन भी जारी रही। हड़ताली कर्मचारियों ने आंदोलन को तेज करते हुए शहर में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। गुस्साए सफाई कर्मचारियों ने नगर निगम के मुख्य द्वार के बाहर सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन भी किया। व्यापार मंडल, सर्व समाज पार्टी और लोकतांत्रिक जनमोर्चा ने भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को समर्थन दिया।

देव भूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ से जुड़े नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने सोमवार को भी अपना आंदोलन जारी रखा। पुरानी तहसील स्थित पड़ाव में सुबह के समय सफाई कर्मचारी एकत्रित हुए। संगठन के रुड़की संरक्षक सुखमेंद्र वाल्मीकि व नगर महासचिव नरेश घोघलिया के नेतृत्व में सफाई कर्मचारियों रैली निकाली। कर्मचारियों की यह रैली शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए पुराने रेलवे रोड से अंबर तालाब पहुंची। यहां पर वाल्मीकि धर्मशाला के समक्ष एकत्रित होकर कर्मचारी नेताओं ने संबोधन किया। कर्मचारियों ने नारेबाजी की। इसके बाद मार्च नेहरू स्टेडियम से होते गंगनहर पुल पहुंची। यहां से नगर निगम गेट पर स्थित बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष कर्मचारियों धरना देकर जाम लगाया। कर्मचारी नेता सुखमेंद्र सिंह वाल्मीकि ने कहा कि हड़ताल आठ दिन हो गए हैं। लेकिन सरकार की ओर से अभी तक भी कोई सकारात्मक कदम नहीं उठाया गया है। जिससे सरकार की मंशा साफ दिख रही है। सरकार कर्मचारियों के पक्ष में नहीं है। उन्होंने कहा कि अब आरपार की लड़ाई का समय आ गया है। जब तक उनकी मांगे नहीं मानी जाती हैं। तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा। चाहे इसके लिए कोई भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े।

000

व्यापार मंडल ने कर्मचारियों को दिया समर्थन

सफाई कर्मचारियों की हड़ताल को प्रांतीय उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल रुड़की ने समर्थन दिया। संगठन के अध्यक्ष अरविंद कश्यप, प्रवीण मेहंदीरत्ता व कमल चावला सफाई कर्मचारियों के वाल्मीकि धर्मशाला के समीप चल रहे प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे। व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने कहा कि सफाई कर्मचारियों की मांगे जायज हैं। सरकार को इन मांगों को मान लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि व्यापार मंडल तन मन धन के साथ सफाई कर्मचारियों के इस आंदोलन में साथ खड़ा है।

000

संगठनों ने आंदोलन का समर्थन किया

आजाद समाज पार्टी भी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल के पक्ष में आ गई है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह हड़ताली सफाई कर्मचारियों के धरना स्थल पर पहुंचे। प्रदेश अध्यक्ष महक सिंह ने कहा कि सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उनकी पार्टी सफाई कर्मचारियों के इस आंदोलन में पूरी तरह से साथ है। लोजमो संयोजक सुभाष सैनी ने भी धरना स्थल पर पहुंचकर समर्थन दिया। कहा कि सफाई कर्मियों की मांग मानी जानी चाहिए।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें