रुड़की-लक्सर मार्ग पर अतिक्रमण से डेढ़ घंटे तक जाम में फंसे लोग
रुड़की-लक्सर मार्ग पर अतिक्रमण बढ़ने से लोगों को गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। लंढौरा में रविवार को सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण भीषण जाम लगा, जिससे लोग डेढ़ घंटे तक फंसे रहे। स्थानीय लोग इस समस्या के स्थायी समाधान की मांग कर रहे हैं।

लंढौरा, संवाददाता। रुड़की-लक्सर मार्ग पर बढ़ता अतिक्रमण अब लोगों के लिए गंभीर परेशानी का कारण बनता जा रहा है। रविवार को लंढौरा में सड़क किनारे फैले अतिक्रमण के चलते भीषण जाम लग गया। हालात ऐसे रहे कि करीब डेढ़ घंटे तक वाहन रेंगते रहे और लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। नगला इमरती अंडरपास से लेकर पुलिस चौकी चौक तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। तेज गर्मी और धूप के बीच जाम में फंसे लोग बेहाल नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि रुड़की-लक्सर मार्ग पर जाम अब रोजमर्रा की समस्या बन चुका है। अजीज, हैदर, सलीम, मुरसलीन, योगेश और ऋषिपाल ने बताया कि पिछले एक सप्ताह में कई बार लंबा जाम लग चुका है, लेकिन समस्या के स्थायी समाधान के लिए अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
उनका कहना है कि सड़क किनारे लगातार बढ़ते अतिक्रमण के कारण मार्ग संकरा हो गया है, जिससे थोड़ी सी यातायात बढ़ने पर भी वाहनों की लंबी कतार लग जाती है। स्थानीय लोगों ने बताया कि ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र शेट के नेतृत्व में 28 और 29 मई को बड़े स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था। कार्रवाई के बाद कुछ दिनों तक यातायात व्यवस्था में सुधार भी देखने को मिला, लेकिन प्रशासनिक सख्ती कम पड़ते ही दोबारा सड़क किनारे अतिक्रमण फैलने लगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


