तेज गर्मी के साथ बढ़े बुखार के मरीज, अस्पतालों में उमड़ रही भीड़

हिन्दुस्तान, रुडकी
Follow us on Google News
share

तापमान में अचानक बदलाव और तेज गर्मी के चलते बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। सरकारी और निजी अस्पतालों में मरीजों की भीड़ उमड़ रही है, जिसमें तेज बुखार, सिर दर्द और कमजोरी की शिकायतें प्रमुख हैं। डॉक्टर वायरल संक्रमण और मौसम के प्रभाव को जिम्मेदार मानते हैं और सावधानी बरतने की सलाह देते हैं।

तेज गर्मी के साथ बढ़े बुखार के मरीज, अस्पतालों में उमड़ रही भीड़

मौसम में अचानक आए बदलाव और तेज गर्मी बढ़ने के साथ ही शहर से लेकर देहात तक बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ने लगी है। सरकारी अस्पतालों के साथ-साथ निजी क्लीनिकों में भी मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। अधिकांश मरीज तेज बुखार, सिर दर्द, बदन दर्द, उल्टी, कमजोरी और थकान की शिकायत लेकर अस्पताल पहुंच रहे हैं। डॉक्टर इसे वायरल संक्रमण और बढ़ते तापमान का असर मान रहे हैं। साथ ही मौसम को लेकर सावधानी बरतने की सलाह दे रहे हैं। सिविल अस्पताल की ओपीडी में पिछले कुछ दिनों से मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है।

सुबह से ही पर्ची काउंटर और डॉक्टरों के कक्षों के बाहर लंबी कतारें लग रही हैं। चिकित्सकों के अनुसार दिन में तेज धूप और गर्मी के बाद शाम को मौसम में बदलाव होने से लोगों की सेहत पर असर पड़ रहा है। छोटे बच्चों और बुजुर्गों में संक्रमण का खतरा अधिक देखा जा रहा है। सिविल अस्पताल के पूर्व फिजिशियन डॉ. अर्पित सैनी का कहना है कि अधिकांश मरीज वायरल फीवर से प्रभावित हैं। कई मरीजों में डिहाइड्रेशन और कमजोरी की शिकायत भी सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि मरीज को बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा लेने से बचने की सलाह दी है। साथ ही अधिक पानी पीने, धूप में निकलने से बचने और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने को कहा गया है। सिविल अस्पताल रुड़की के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एके मिश्रा ने कहा कि मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के कारण शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता प्रभावित हो रही है। ऐसे में थोड़ी सी लापरवाही भी बीमारी का कारण बन सकती है। स्वास्थ्य का ध्यान रखें। स्वास्थ्य संबंधी किसी भी तरह की शिकायत होने पर चिकित्सक की सलाह लें। मेडिकल स्टोर से स्वयं दवा लेकर न खाएं।-----------------

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।