कूड़कावाला–मजाहिदपुर सड़क खस्ताहाल, दर्जनों गांवों के लोग परेशान
बुग्गावाला, संवाददाता। बुग्गावाला क्षेत्र के कई गांवों को कलियर और रुड़की से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी कूड़कावाला-मजाहिदपुर

बुग्गावाला क्षेत्र के कई गांवों को कलियर और रुड़की से जोड़ने वाली प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनी कूड़कावाला-मजाहिदपुर सड़क इन दिनों खस्ताहाल हो चुकी है। कूड़कावाला से मजाहिदपुर तक करीब तीन किलोमीटर लंबा हिस्सा पूरी तरह जर्जर हो गया है, जिससे क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और कई स्थानों पर डामर उखड़ चुका है। इससे दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है। हल्की बारिश होने पर गड्ढों में पानी भर जाता है, जिससे हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है। ग्रामीण मोहित, पूरण पाल, नीरज, पंकज और नूरदीन ने बताया कि इस सड़क से कूड़कावाला, मजाहिदपुर समेत आसपास के दर्जनभर गांवों के लोग रोजाना रुड़की और कलियर आते-जाते हैं।
सड़क की खराब हालत के कारण लोगों को मजबूरन करीब 50 किलोमीटर लंबा रास्ता तय कर बिहारीगढ़ और भगवानपुर होते हुए रुड़की जाना पड़ रहा है, जिससे समय और ईंधन दोनों की बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग से रोजाना स्कूली छात्र-छात्राएं, किसान और व्यापारी भी गुजरते हैं। कई बार बाइक सवार गड्ढों में गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। ग्रामीणों ने बताया कि सड़क की मरम्मत को लेकर कई बार विभाग और जनप्रतिनिधियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।इस संबंध में ज्वालापुर विधायक रवि बहादुर ने बताया कि सड़क की खराब स्थिति के बारे में संबंधित विभाग को पत्र लिख दिया गया है और जल्द ही सड़क का निर्माण कार्य शुरू कराया जाएगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


