Roorki News: नारसन में डिवाइडर से टकराई बाइक, मध्य प्रदेश के युवक की मौत
Roorki News: हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद गाजियाबाद लौट रहे दो युवक रविवार देर रात नारसन के पास बाइक हादसे का शिकार हो गए। मोहम्मदपुर के निकट उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में जबलपुर निवासी प्रतीक गंभीर रूप से घायल हुए और रुड़की के सरकारी अस्पताल में उनकी मौत हो गई। गाजियाबाद निवासी हर्षित श्रीवास्तव का उपचार जारी है। पुलिस हादसे की जांच कर रही है।

Roorki News: हरिद्वार में गंगा स्नान के बाद गाजियाबाद लौट रहे दो युवकों की बाइक रविवार देर रात नारसन क्षेत्र में मोहम्मदपुर के पास डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने मध्य प्रदेश निवासी एक युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का उपचार चल रहा है। पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 11:47 बजे मोहम्मदपुर के पास सड़क हादसे की सूचना मिली। पुलिस मौके पर पहुंची तो दिल्ली नंबर की बाइक सवार दो युवक सड़क पर घायल पड़े थे। उनकी पहचान प्रतीक निवासी जबलपुर, मध्य प्रदेश और हर्षित श्रीवास्तव निवासी गाजियाबाद, यूपी के रूप में हुई।
दोनों की उम्र करीब 25 वर्ष बताई गई है। साथियों ने पुलिस को बताया कि सभी युवक गाजियाबाद की एक कंपनी में नौकरी करते हैं। हरिद्वार में गंगा स्नान करने के बाद वे वापस लौट रहे थे। इसी दौरान बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में घायल हर्षित को सक्षम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसके पैर में लगी चोट का उपचार किया जा रहा है। गंभीर रूप से घायल प्रतीक को राजकीय अस्पताल रुड़की रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया और परिजनों को सूचना दी। दुर्घटनाग्रस्त बाइक भी कब्जे में ले ली गई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


