
कला उत्सव में उत्तराखंड के 13 जनपदों के कलाकारों ने बांधा समां
रुड़की, कार्यालय संवाददाता। बीएसएम इंटर कॉलेज, रुड़की में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ।
बीएसएम इंटर कॉलेज, रुड़की में आयोजित दो दिवसीय उत्तराखण्ड राज्य स्तरीय कला उत्सव का शुक्रवार को भव्य समापन हुआ। राज्य के 13 जनपदों से आए लगभग 340 प्रतिभागियों और 103 मार्गदर्शक शिक्षकों ने 13 विधाओं में अपनी प्रतिभा का मनोहारी प्रदर्शन कर दर्शकों को प्रभावित किया। संगीत गायन (एकल) में उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ और बड़कोट से आई छात्राओं ने अपनी मधुर आवाज़ से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। बालक वर्ग में पौड़ी जिले के प्रतिभागी हेमन्त और अजीत की वादन प्रस्तुति ने भी विशेष प्रशंसा हासिल की। संगीत समूह प्रतियोगिता में टिहरी और चम्बा जिले की छात्राओं ने अत्यंत सुसंगत स्वर–समूह के साथ मंच की गरिमा बढ़ाई।
12 छात्राओं के दल ने लोकधुनों और आधुनिक शैली का सुंदर संयोजन प्रस्तुत किया। दृश्य कला (एकल) में टिहरी जनपद के दीपक, नेहा और अमन ने अपनी पेंटिंग और अभिव्यक्तिपूर्ण कलाकृतियों से निर्णायकों को विशेष रूप से प्रभावित किया। सांस्कृतिक समूह प्रतियोगिताओं में टिहरी और नरेन्द्रनगर के बालक-बालिका दलों ने लोकनृत्य, सामूहिक नाट्य और पारंपरिक रंग-संयोजन से वातावरण को जीवंत बना दिया। रुद्रप्रयाग जिले के योगेश, हरेंद्र और अभिनव ने लोकगीत व लोकनृत्य में प्रभावी प्रदर्शन किया। उत्तरकाशी के चिन्यालीसौड़ तथा नरेन्द्रनगर की छात्राओं ने ताल, लय और अभिव्यक्ति के अद्भुत संयोजन से दर्शकों की खूब वाहवाही लूटी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




