नारसन में किसानों ने सहायक गन्ना आयुक्त को बंधक बनाया
उत्तम चीनी मिल द्वारा गन्ना पेराई सत्र की शुरुआत कर देने के बावजूद खेड़ा जट गांव में गन्ना क्रय केंद्र स्थापित नहीं किए जाने से नाराज किसानों ने मिल में जमकर हंगामा काटा। किसानों का आरोप था कि मिल...
उत्तम चीनी मिल की ओर से खेड़ा जट गांव में गन्ना क्रय केंद्र स्थापित नहीं किए जाने से नाराज किसानों ने हंगामा किया। किसानों का आरोप है कि मिल प्रबंधन शुरू में ही परेशान करने में लग गया है। मौके पर सुलह कराने पहुंचे सहायक गन्ना आयुक्त को किसानों ने बंधक बना लिया। चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक आयुक्त को जाने नहीं दिया जाएगा और न ही चीनी मिल में गन्ने की तौल नहीं होने दी जाएगी। उत्तम चीनी मिल में पेराई सत्र का उद्घाटन बुधवार को किया जाना था। इसी बीच भारतीय किसान यूनियन नेता चौधरी हरेंद्र सिंह के नेतृत्व में भारी संख्या में किसान चीनी मिल परिसर में पहुंच गए और मिल प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हरेंद्र सिंह ने बताया कि करीब 20 वर्षों से खेड़ा जट गांव में गन्ने की तौल गांव में स्थापित क्रय केंद्र पर की जाती है, लेकिन इस बार चीनी मिल प्रबंधन ने मनमानी करते हुए गांव में क्रय केंद्र स्थापित नहीं किया। इससे किसानों को अपना गन्ना तौलने के लिए परेशानी उठानी पड़ रही है। किसानों के काफी देर चले हंगामे के बाद दोपहर करीब तीन बजे सहायक गन्ना आयुक्त शैलेंद्र सिंह भी मौके पर पहुंचे और चीनी मिल अधिकारियों से वार्ता की। लेकिन चीनी मिल अधिकारियों ने कर्मचारी नहीं होने का हवाला देते हुए तुरंत तोल केंद्र स्थापित किए जाने से मना कर दिया। इसके बाद किसानों ने सहायक गन्ना आयुक्त को घेरकर वहीं बंधक बनाकर तौल कांटे पर धरना देकर बैठ गए। उन्होंने तोल केंद्र का उद्घाटन भी नहीं करने दिया। किसान नेता अरविंद राठी ने बताया कि चीनी मिल द्वारा इस बार किसानों को गन्ना पर्ची संबंधी कैलेंडर नहीं दिए। किसानों को कोई जानकारी नहीं मिल पा रही है। यही रवैया रहा तो किसान मिल के खिलाफ मोर्चा खोलने के लिए बाध्य होंगे। धरने पर किसानों के बीच पहुंचे गन्ना परिषद के चेयरमैन अशोक कुमार ने कहा कि वह पूरी तरह से किसानों के साथ हैं किसी भी सूरत में मिल प्रबंधन को किसानों का उत्पीड़न नही करने दिया जाएगा। फिलहाल धरना जारी है। 000भाजपा के खिलाफ की नारेबाजी धरने पर मौजूद भाजपा के एक नेता ने किसानों की समस्याओं को लेकर गन्ना मंत्री से बात की और उसके बाद सहायक गन्ना आयुक्त से उनकी बात कराई। बताया जा रहा है कि बात नहीं बन पाई। जिस पर किसान नाराज हो गए और उन्होंने भाजपा के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। इस मौके पर तेजपाल सिंह, सुबोध, चौधरी अरुण कुमार, राजदीप, गुड्डू, टोनी वर्मा, मेजर राणा, कुशलवीर, राजू कुमार, बब्बू सिंह, राजेंद्र सिंह आदि आदि लोग मौजूद थे।