गंगा दशहरा: जाम से निपटने को अतिरिक्त पुलिस बल रहेगा तैनात
गंगा दशहरा पर्व को लेकर ऋषिकेश में पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है। दशहरा पर्व पर जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गंगा दशहरा...
ऋषिकेश, संवाददाता।
गंगा दशहरा पर्व को लेकर ऋषिकेश में पुलिस ने तैयारियां शुरू कर दी है। दशहरा पर्व पर जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। गंगा दशहरा पर्व पर इस बार बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के गंगा स्नान के लिए आने की संभावना है। पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती यात्रा सीजन में पड़ रहे इस पर्व पर जाम से निपटना रहेगी। ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए पुलिस विशेष तैयारी कर रही है।
बीते दो साल 2020 और 2021 में कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए गंगा दशहरा पर स्नान प्रतिबंधित रहा है। हालांकि कुछ श्रद्धालुओं ने प्रतिबंध के बाद भी गंगा स्नान किया था। इस बार गंगा दशहरा पर्व पर बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। कोतवाली के एसएसआई डीपी काला ने बताया कि त्रिवेणीघाट चौराहे से घाट तक सिर्फ दुपहिया और पैदल लोगों की ही आवाजाही रहेगी। चौपहिया वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। इसके अलावा ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की डिमांड की गई है।
इंसेट-
डूबने से बचाने के लिए तैनात होंगे गोताखोर
पुलिस प्रशासन गहरे जल वाले स्थानों पर बोर्ड आदि लगाकर वहां जाने से श्रद्धालुओं को रोकेगा। साथ ही गंगा घाटों पर डूबने वालों को बचाने के लिए गोताखोर तैनात रहेंगे। मोटरवोट और राफ्ट में भी गोताखोर लगातार भ्रमण करते रहेंगे।
मुनिकीरेती में अतिरिक्त पुलिस रहेगी तैनात
यातायात निरीक्षक सिद्धार्थ कुकरेती ने बताया कि गंगा दशहरा पर्व को लेकर मुनिकीरेती में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेगा। जाम से निपटने के लिए चौक-चौराहों पर जवानों को तैनात किया जायेगा। इस दौरान रूट प्लान भी तैयार किया गया है। बताया कि इन दिनों चारधाम यात्रियों की भीड़ के चलते यात्री वाहनों का दबाव ज्यादा है।