नारसन सीएचसी में एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड सुविधा नहीं
नारसन, संवाददाता। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारसन में मरीजों को कई वर्षों से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रहना पड़ रह

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नारसन में मरीजों को कई वर्षों से एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी स्वास्थ्य सेवाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। सुविधाओं के अभाव में मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र के दस से अधिक गांवों के मरीज सरकारी स्वास्थ्य लाभ लेने के लिए प्रतिदिन नारसन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन कई जरूरी सुविधाएं अस्पताल में उपलब्ध न होने के कारण उन्हें मायूस लौटना पड़ता है। अस्पताल में शरीर की जांच के लिए एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड मशीनें तो मौजूद हैं, लेकिन तकनीशियन की कमी के कारण कई वर्षों से इन मशीनों का उपयोग नहीं हो पा रहा है।
स्थानीय ग्रामीण अनिरुद्ध सिंह ने बताया कि अस्पताल में यह सुविधाएं न मिलने से मरीजों को करीब 20 किलोमीटर दूर रुड़की जाकर जांच करानी पड़ती है। इससे मरीजों का पूरा दिन खराब हो जाता है और समय पर इलाज भी नहीं मिल पाता। ग्रामीण सतवीर सिंह, राहुल और पंकज आदि ने स्वास्थ्य विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द अस्पताल में तकनीशियन की व्यवस्था कर एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी जरूरी सुविधाएं शुरू कराई जाएं, ताकि क्षेत्र के मरीजों को राहत मिल सके।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


