ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड रुड़कीलक्सर, खानपुर में धान के बंपर उत्पादन की उम्मीद

लक्सर, खानपुर में धान के बंपर उत्पादन की उम्मीद

धान का क्षेत्रफल पिछले साल की तुलना में बीस फीसदी बढ़ा है। इसे देखते हुए एसडीएम ने गोवर्धनपुर उप मंडी स्थल पर धान का सरकारी खरीद केंद्र बनाने का प्रस्ताव आरएफसी को भेजा है। हरिद्वार जिले में लक्सर,...

लक्सर, खानपुर में धान के बंपर उत्पादन की उम्मीद
हिन्दुस्तान टीम,रुडकीTue, 22 Sep 2020 04:11 PM
ऐप पर पढ़ें

लक्सर में इस साल धान का रिकॉर्ड उत्पादन होने की उम्मीद है। कृषि विभाग के मुताबिक लक्सर में कॉमन (मोटा) धान का क्षेत्रफल पिछले साल की तुलना में बीस फीसदी बढ़ा है। इसे देखते हुए एसडीएम ने गोवर्धनपुर उप मंडी स्थल पर धान का सरकारी खरीद केंद्र बनाने का प्रस्ताव आरएफसी को भेजा है।

हरिद्वार जिले में लक्सर, खानपुर और बहादराबाद विकासखंड धान के उत्पादन में अव्वल माने जाते हैं। करीब एक दशक पहले तक यहां के किसान एक्सपोर्ट क्वालिटी के जैविक बासमती धान की खेती में अग्रणी थे। पर बाद में जैविक धान की एक्सपोर्टर कंपनियों के पीछे हटने से अब यहां कॉमन (मोटे) धान का उत्पादन प्रचूर मात्रा में हो रहा है। ऊपर से इस साल धान का क्षेत्रफल पिछले साल से भी ज्यादा है। साथ ही मौसम अनुकूल रहने के कारण धान की औसत पैदावार भी ठीक है। लिहाजा इस साल लक्सर, खानपुर में धान का रिकार्ड उत्पादन होने की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में धान की सरकारी खरीद भी बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। पिछले साल गोवर्धनपुर उप मंडी स्थल के आढ़तियों ने ही लगभग पचास हजार कुंतल से भी ज्यादा धान खरीदा था। बीते साल धान की बंपर खरीद को देखते हुए प्रशासन गोवर्धनपुर उप मंडी स्थल पर धान खरीद का सरकारी क्रय केंद्र स्थापित करने की तैयारी में है। एसडीएम पूरण सिंह राणा ने बताया कि गोवर्धनपुर उप मंडी स्थल पर खरीद के लिए आवश्यक तमाम सुविधाएं पहले से मौजूद हैं। उस क्षेत्र में धान उत्पादक किसानों की संख्या भी बहुत ज्यादा है। जिसे देखते हुए उप मंडी स्थल के परिसर में एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) पर धान की सरकारी खरीद केंद्र स्थापित करने का प्रस्ताव संभागीय खाद्य नियंत्रक को भेजा गया है। इसकी प्रति जिलाधिकारी हरिद्वार को भी भेजी गई है।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें