रुड़की में अग्निवीर भर्ती: आज यूपी के इन 10 जिलों के युवाओं की बारी, 23 अक्टूबर तक मौका
आज रुड़की में अग्निवीर भर्ती कार्यक्रम है। 12 अक्टूबर को बिजनौर, मथुरा, फिरोजाबाद, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़ और जौनपुर के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।

रुड़की में 23 अक्टूबर तक अग्निवीर भर्ती कार्यक्रम होना है। इसके अनुसार सोमवार 12 अक्टूबर को बिजनौर, मथुरा, फिरोजाबाद, वाराणसी, मिर्जापुर, गाजीपुर, चंदौली, सोनभद्र, आजमगढ़ और जौनपुर के अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल होंगे।
इससे पहले रुड़की में रविवार को मौसम बदलने के बाद हुई बारिश ने अग्निवीर भर्ती में शामिल होने आए युवाओं की परेशानी बढ़ा दी थी। भर्ती के लिए पहुंचे युवाओं के ठहरने के लिए लगाए गए टेंट में बारिश का पानी भर गया। इससे युवाओं को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
23 अक्टूबर तक है अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया
टेंट में पानी भरने से उनके सामान और बिस्तरों के भीगने का खतरा पैदा हो गया। रुड़की के बीईजी एवं सेंटर में पांच से 23 अक्तूबर तक अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया आयोजित की जा रही है। भर्ती में विभिन्न जिलों से आए अभ्यर्थी भी शामिल हो रहे हैं। भर्ती में शामिल होने के लिए सोमवार को पहुंचने वाले युवा रविवार को ही रुड़की पहुंच गए। दूर-दराज जिलों से पहुंचे युवाओं को बारिश के कारण ठहरने की समस्या हो गई है।
आंधी से कई इलाकों की बिजली गुल
रुड़की। रविवार दोपहर अचानक तेज आंधी के साथ हुई बारिश से शहर से लेकर देहात तक बिजली आपूर्ति प्रभावित हो गई। कई इलाकों में इंसुलेटर पंचर होने और बिजली लाइनों पर पेड़ की टहनियां गिरने से सप्लाई ठप हो गई। बारिश रुकने के बाद ऊर्जा निगम की टीमों ने फाल्ट तलाशकर मरम्मत का काम शुरू किया।
कहीं तीन से चार घंटे में बिजली आपूर्ति बहाल हो गई, जबकि कुछ इलाकों में पांच से छह घंटे तक लोगों को परेशानी झेलनी पड़ी।

