
हाथी ने रौंदी ग्रामीणों की फसल
रायवाला के छिद्दरवाला में हाथियों ने किसानों की फसल को भारी नुकसान पहुंचाया। स्थानीय किसानों ने बताया कि जंगली जानवरों का आतंक बढ़ रहा है, जिससे उनकी फसलें बचाना मुश्किल हो रहा है। ग्राम प्रधान ने वन विभाग से सुरक्षा व्यवस्था की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे नुकसान से बचा जा सके।
रायवाला में वन सीमा से सटे क्षेत्रों में वन्य जीवों का आतंक थम नहीं रहा है। बीती गुरूवार की देर रात ग्राम पंचायत छिद्दरवाला में हाथी ने जमकर उत्पात मचाया। हाथी ने गांव के किसानों की कड़ी मेहनत पर पानी फेरते हुए कई बीघा गेहूं की फसल को रौंद कर नष्ट कर दिया। छिद्दरवाला में किसान गिरवर सिंह बिष्ट की दो बीघा व विजय सिंह बिष्ट के दो बीघा खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को हाथियों ने नुकसान पहुंचाया। इसके साथ ही पास ही स्थित किसान रणवीर सिंह नेगी के खेत में बोई गई गेहूं की फसल को भी पूरी तरह नष्ट कर दिया गया।
स्थानीय किसान विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि लगातार जंगली जानवर खेतों में घुस रहे हैं, जिससे फसल बचाना बेहद मुश्किल हो गया है। कहा कि रात भर खेतों की रखवाली के बावजूद हाथी का आतंक थम नहीं रहा है। घटना की सूचना ग्रामीणों द्वारा तुरंत ग्राम प्रधान गोकुल रमोला को दी गई। उन्होंने तत्काल वन विभाग को इससे अवगत कराया। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और किसानों की फसलों के नुकसान का मौका मुआयना किया। ग्राम प्रधान गोकुल रमोल ने कहा कि लगातार जंगली जानवर आबादी क्षेत्र की ओर रुख कर रहे हैं, जिससे ग्रामीणों की सुरक्षा और आजीविका दोनों पर खतरा मंडरा रहा है। कहा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए शासन और वन विभाग से वन सीमा में प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था की मांग लगातार की जा रही है। ग्रामीणों ने भी वन विभाग से हाथियों की आवाजाही को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाने की मांग की, ताकि भविष्य में किसानों को इस तरह के नुकसान से बचाया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




