चीला विद्युत गृह में लापरवाही पर एमडी अजय सख्त
यूजेवीएनएल के नए प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने चीला विद्युत गृह का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अधिकारी अनुपस्थित पाए गए, जिससे उन्होंने एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। उन्होंने धीमी प्रगति पर भी नाराजगी जताई और कार्य पूरा करने की सख्त समय सीमा तय की।

यूजेवीएनएल के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक अजय कुमार सिंह ने कार्यभार संभालने के बाद रविवार को चीला विद्युत गृह का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यस्थल पर कई अधिकारी और कर्मचारी अनुपस्थिति पाए गए। इस पर कड़ी नाराजगी जताते हुए एमडी ने गैरहाजिर अफसरों और कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए हैं। अधिशासी अभियंता (अनुरक्षण) भी प्रबंध निदेशक के दौरे की सूचना मिलने के बाद ही कार्यस्थल पर पहुंचे, जबकि परियोजना के उपमहाप्रबंधक अपने मुख्यालय से अनुपस्थित पाए गए। इसके अलावा बीएचईएल के अभियंताओं की मौजूदगी भी अपेक्षा से काफी कम रही, जिस पर एमडी ने कड़ी नाराजगी जताई।
प्रबंध निदेशक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि इस प्रकार की लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने यूजेवीएनएल और कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को फटकार लगाते हुए कार्य संस्कृति में तत्काल सुधार के निर्देश दिए।निरीक्षण के दौरान मशीन संख्या-4 के कार्यों की धीमी प्रगति पर भी सवाल उठाए गए। एमडी ने सख्त निर्देश दिए कि इस कार्य को हर हाल में 20 अप्रैल तक पूरा किया जाए। इसके लिए मैनपावर बढ़ाने और प्रतिदिन नियमित रूप से काम संचालित करने को कहा गया।साथ ही मुख्यालय से अनुपस्थित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक दिन का वेतन काटने के आदेश भी दिए गए। एमडी की इस सख्ती से विभाग में हड़कंप मच गया है और अधिकारियों-कर्मचारियों को स्पष्ट संदेश मिल गया है कि अब लापरवाही पर सीधी कार्रवाई होगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


