Rishikesh News: मैराथन के जरिए दिया स्वच्छ गंगा का संदेश
Rishikesh News: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर नव मधुबन आश्रम में ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश मधुबन कृष्णोत्सव मैराथन’ का आयोजन किया गया, जिसमें 450 बच्चों ने भाग लिया। मेयर शम्भू पासवान और पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने इस कार्यक्रम का शुभारंभ किया। विजेताओं को 3 सितंबर को सम्मानित किया जाएगा।

Rishikesh News: श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में नव मधुबन आश्रम द्वारा ‘स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश मधुबन कृष्णोत्सव मैराथन’ का आयोजन किया गया। मैराथन में क्षेत्र के 450 बच्चों ने उत्साह और ऊर्जा के साथ प्रतिभाग किया। मैराथन के माध्यम से बच्चों ने स्वच्छ गंगा एवं स्वच्छ ऋषिकेश का संदेश दिया। मंगलवार को मुनिकीरेती स्थित नव मधुबन आश्रम में मैराथन का शुभारंभ मेयर शम्भू पासवान, मुनिकीरेती नगर पालिका अध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। मेयर शम्भू पासवान ने कहा कि यह आयोजन केवल एक मैराथन नहीं, बल्कि बच्चों और युवाओं के माध्यम से समाज को स्वच्छ गंगा, स्वच्छ ऋषिकेश, पर्यावरण संरक्षण और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश देने का प्रभावी प्रयास है। श्री कृष्ण का जीवन हमें कर्म, अनुशासन और समाज के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। ऐसे आयोजनों से हमारी युवा पीढ़ी अपनी संस्कृति और सनातन परंपराओं से जुड़ने के साथ-साथ सामाजिक एवं पर्यावरणीय जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक होती है। पालिकाध्यक्ष नीलम बिजल्वाण ने कहा कहा कि गंगा हमारी आस्था और पहचान का प्रतीक है। इसे स्वच्छ और निर्मल बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। नव मधुबन आश्रम की इस सार्थक पहल के लिए समस्त आयोजकों की जितनी सराहना की जाए, कम होगी。
मैराथन का मार्ग
मैराथन नव मधुबन आश्रम से प्रारंभ होकर देहरादून तिराहा, नटराज चौक, आईएसबीटी एवं 14 बीघा पुल से होते हुए पुनः नव मधुबन आश्रम परिसर में संपन्न हुई। प्रतिभागियों ने खेल भावना के साथ दौड़ में हिस्सा लेते हुए स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। सभी प्रतिभागियों को श्रीमद्भगवद्गीता भेंट की गई। मौके पर नव मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास महाराज, समाजसेवी कमल सिंह राणा, नव मधुबन आश्रम के महासचिव राजीव कालरा, समाजसेवी ज्योति शर्मा, अशोक नेगी आदि उपस्थित रहे।
विजेताओं का सम्मान
तीन सितंबर को होगा विजेताओं का सम्मान
मैराथन के बालक एवं बालिका दोनों वर्गों में शीर्ष पांच स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को आगामी तीन सितंबर को आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रशस्ति पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया जाएगा। प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी को 5,100 रुपये, द्वितीय स्थान को 3,100 रुपये, तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले को 2,100 रुपये तथा चतुर्थ एवं पंचम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 1,100-1,100 रुपये की नकद धनराशि प्रदान की जाएगी।
कार्यक्रमों की श्रृंखला
पांच सितंबर तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
श्रीकृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रमों की शृंखला के तहत दो सितंबर को पेंटिंग, क्विज एवं श्लोक पाठ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद तीन सितंबर को ग्रुप डांस, ग्रुप सिंगिंग एवं फैंसी ड्रेस प्रतियोगिताओं के साथ पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित होगा। चार सितंबर को श्री कृष्ण जन्माष्टमी का मुख्य महापर्व श्रद्धा एवं उल्लास के साथ मनाया जाएगा। जबकि पांच सितंबर को पावन नंदोत्सव का भव्य आयोजन किया जाएगा।


