कड़ाके की ठंड के बीच नये साल का स्वागत
दिनभर ठंडी हवाएं चलने से ठिठुरे शहरवासी
ऋषिकेश। वरिष्ठ संवाददाता
साल के पहले ही दिन शुक्रवार की सुबह ऋषिनगरी घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आयी। दिनभर ठंडी हवाएं चलने से लोग ठिठुरे। शुक्रवार को न्यूनतम पारा आठ डिग्री और अधिकतम पारा 18 डिग्री रहा। मौसम विभाग के मुताबिक कुछ दिनों तक सुबह के समय कोहरा छाया रहेगा।
शुक्रवार को सुबह 10 बजे तक घना कोहरा छाया रहा। सुबह करीब 11 बजे सूर्यदेव के दर्शन तो हुए, लेकिन ठंडी हवा के बीच उनका तेज बेअसर रहा। इसलिये कड़ाके की ठंड के बीच नए साल का स्वागत हुआ। शुक्रवार को बाजार में भी खरीदारों की कम संख्या रही। शहरवासियों ने ठंड के चलते घर पर रुकना उचित समझा। कुछ स्थानों पर लोग अलाव सेकते भी नजर आये। शाम चार बजे बाद फिर कोहरे से शहर को आगोश में लेना शुरू कर दिया। इससे पहले बीती गुरुवार को गंगाघाटी में गर्मजोशी से नए साल का स्वागत हुआ। जैसे-जैसे रात में पारा गिरता चला गया, नए साल का उत्साह चढ़ता गया। रात 12 बजे लोगों ने एक दूसरे को नए साल की बधाई दी। कड़ाके की ठंड में रात 12 बजे तक प्रतिदिन की तरह सड़कें सूनी नहीं थी। लोग नए साल के खुमार में रहे। सड़कों में उल्लास और चहल-पहल दिखाई पड़ी। मौसम वैज्ञानिक विक्रम सिंह के मुताबिक शनिवार को रिमझिम फुहारें बरस सकती है। जिससे ठंड में इजाफा होगा। कहा पर्वतीय क्षेत्र में बर्फवारी होने की उम्मीद भी है।
फोटो-2 आरएसके 1 नये साल के पहले दिन ही कोहरे की चादर में लिपटी ऋषिनगरी।