डोईवाला में नक्शा पास कराने के नाम पर उत्पीड़न का आरोप
डोईवाला और आसपास के क्षेत्रों में नक्शा पास कराने के नाम पर लोगों को परेशान करने का मामला मुख्यमंत्री तक पहुंचा। नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने एमडीडीए के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से जबरन धन वसूली की जा रही है। उन्होंने कार्रवाई की मांग की है।
नगर और आसपास के क्षेत्रों में नक्शा पास कराने के नाम पर आम जनता को परेशान किए जाने का मामला अब शासन तक पहुंच गया है। नगर पालिका परिषद डोईवाला के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को ज्ञापन सौंपकर मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) के कुछ अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। शुक्रवार को देहरादून में मुख्यमंत्री को सौंपे ज्ञापन में नेगी ने कहा कि डोईवाला, भानियावाला, अठुरवाला, रानीपोखरी और माजरीग्रांट समेत आसपास के क्षेत्रों में एमडीडीए के कर्मचारी नक्शा पास कराने के नाम पर लोगों को अनावश्यक रूप से परेशान कर रहे हैं। छोटे भू-खंडों पर घर बनाने वाले गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों से जबरन धन वसूली की जा रही है।
पैसा न देने पर मकान तोड़ने की धमकी दी जाती है।उन्होंने बताया कि कई लोग अपनी जीवनभर की जमा पूंजी से 100 से 150 वर्ग गज के प्लॉट पर छोटा घर बनाना चाहते हैं, लेकिन अधिकारियों द्वारा यह कहकर दबाव बनाया जाता है कि छोटे प्लॉट पर निर्माण संभव नहीं है। कई मामलों में अधिकारी सरकारी वाहनों से पहुंचकर नोटिस देते हैं और कार्रवाई की चेतावनी देकर लोगों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करते हैं। नेगी ने यह भी कहा कि भानियावाला क्षेत्र में फोरलेन सड़क परियोजना से प्रभावित दुकानदार और विस्थापित लोग पहले ही नुकसान झेल चुके हैं, और अब उन्हें नक्शा पास कराने के नाम पर दोबारा परेशान किया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में पशुपालन या घरेलू उपयोग के छोटे निर्माणों पर भी कार्रवाई की जा रही है, जिससे लोगों में रोष है। उन्होंने मांग की कि डोईवाला और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को एमडीडीए के दायरे से बाहर किया जाए या फिर प्राधिकरण की कार्यप्रणाली की उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। मौके पर भाजपा मंडल महामंत्री रविंद्र बेलवाल और पूर्व प्रधान पुरुषोत्तम डोभाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।▪
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


