दून जा रहे सैंकड़ों आंदोलनकारियों को पुलिस ने रोका
देहरादून में राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग को लेकर सैकड़ों आंदोलनकारियों को पुलिस ने जबरन रोक लिया। आंदोलनकारियों ने आईडीपीएल सिटी गेट पर प्रदर्शन किया और देहरादून जाने का प्रयास किया। पुलिस ने उनकी बसों के आगे वाहनों और जेसीबी लगाकर उन्हें रोक दिया। आंदोलनकारी अपनी मांगों को लेकर डटे रहे।

वन भूमि सर्वे के बाद प्रभावित क्षेत्र को राजस्व ग्राम का दर्जा देने की मांग लेकर देहरादून जा रहे सैकड़ों आंदोलनकारियों को पुलिस ने जबरन रोक लिया। आंदोलनकारियों की बसों के आगे पुलिस वाहन और जेसीबी लगा दी गई, जिसके बाद कुछ आंदोलनकारी निजी वाहन से दून जाने के लिए बढ़े, तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया गया। मांग को लेकर बापूग्राम में जुलूस के बाद आईडीपीएल सिटी गेट पर आंदोलनकारियों ने प्रदर्शन भी किया। बापूग्राम स्थित भूमियाल देवता मंदिर में पिछले 94 दिनों से जारी धरना-प्रदर्शन में आंदोलनकारी मंगलवार को भी डटे। उन्होंने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत देहरादून में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यक्रम में जाने के लिए जुलूस की शक्ल में आईडीपीएल रोड पर खड़ी बसों का रूख किया, लेकिन जैसे ही आंदोलनकारियों ने बसों में बैठने का प्रयास किया, तो पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई।
पुलिसकर्मियों ने सरकारी वाहन और जेसीबी को लाइन से खड़ी एक दर्जन से ज्यादा बसों के आगे लिया, जिससे बसें आगे नहीं बढ़ सकी। नाराज आंदोलनकारियों ने आईडीपीएल सिटी गेट पर पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध किया। सड़क पर ही धरना-प्रदर्शन करते हुए उन्होंने मांग को दोहराया। कहा कि राजस्व ग्राम का दर्जा मिलने तक वह किसी भी हाल में आंदोलन से पीछे नहीं हटने वाले हैं। नाराज लोगों को समझाने के लिए तहसीलदार प्रदीप नेगी भी मौके पर पहुंचे, मगर वह भी आंदोलनकारियों का समझा नहीं। इसीबीच आधा दर्जन से ज्यादा आंदोलनकारियों ने निजी कारें मौके पर बुला ली। कार में बैठने की कोशिश के दौरान पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। तहसील ले जाने के बाद आंदोलनकारियों को छोड़ भी दिया गया। प्रदर्शनकारियों में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, बापूग्राम बचाओ संघर्ष समिति के संयोजक रमेश जुगलान, सुधीर राय, पार्षद अनिल रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, सत्ये कपरूवाण, मुस्कान, दिनेश रावत, दिनेश कोठियाल आदि शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


