घर-घर जाकर स्वच्छता ऐप का प्रचार करें पालिका कर्मी: ईओ
डोईवाला नगर पालिका ने स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में नंबर वन रैंकिंग पाने के लिए समीक्षा बैठक आयोजित की। अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने कर्मचारियों को स्वच्छता ऐप के प्रचार और नागरिक सहभागिता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि यह केवल रैंकिंग नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने का अभियान है।

स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में क्षेत्र को नंबर वन रैंकिंग दिलाने के उद्देश्य से नगर पालिका कार्यालय में अधिशासी अधिकारी एमएल शाह द्वारा समीक्षा बैठक की गई। जिसमें कर्मचारियों को स्वच्छ सर्वेक्षण के मानकों, मूल्यांकन प्रक्रिया और अपेक्षित कार्यों की विस्तार से जानकारी दी गई। सोमवार को डोईवाला नगर पालिका स्थित ईओ कार्यालय में आयोजित बैठक में ईओ एमएल शाह ने कहा कि इस बार नागरिक सहभागिता और सिटीजन फीडबैक निर्णायक भूमिका निभाएगा। इसे ध्यान में रखते हुए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए कि वे स्वच्छता ऐप का घर-घर जाकर प्रचार करें और नागरिकों को फीडबैक दर्ज करने के लिए प्रेरित करें।
इसके लिए कर्मचारियों की फील्ड में तैनाती भी सुनिश्चित की जाएगी, ताकि अधिक से अधिक नागरिक स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में भागीदारी कर सकें। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण केवल रैंकिंग नहीं, बल्कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और स्वस्थ बनाने का अभियान है। सभी कर्मचारी पूरी निष्ठा, अनुशासन और जिम्मेदारी के साथ कार्य करें, तभी लक्ष्य हासिल किया जा सकेगा। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण, नियमित सफाई और सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे स्वच्छता ऐप पर फीडबैक देकर नगर पालिका के प्रयासों को मजबूत करें। नगर पालिका का दावा है कि जनभागीदारी और कर्मचारियों की सक्रियता से इस बार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में बेहतर परिणाम हासिल किए जाएंगे। मौके पर लेखाकार सतीश चमोली, बेताल सिंह, कुलदीप खत्री आदि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


