Rishikesh News: गुलदार के हमले में घायल पिंकी देवी के मुआवजे की प्रक्रिया शुरू
Rishikesh News: जामल गांव में गुलदार के हमले में घायल पिंकी देवी की कुशलक्षेम पूछने वन विभाग की टीम पहुंची। टीम ने घटना की जानकारी प्राप्त कर मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की। स्थानीय ग्रामीणों में गुलदार के प्रति दहशत है और गश्त बढ़ाने की मांग की जा रही है। अधिकारियों ने सतर्क रहने की सलाह दी है।

Rishikesh News: जामल गांव में गुलदार के हमले में घायल पिंकी देवी से मंगलवार को वन विभाग की टीम ने मुलाकात कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। वन दरोगा दाताराम और वन रक्षक पंकज कुमार ने महिला से घटना की जानकारी लेने के साथ ही मुआवजे की प्रक्रिया शुरू कर दी है। वन विभाग की टीम ने घायल महिला और परिजनों से घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। साथ ही उपचार से संबंधित दस्तावेज और अन्य जरूरी कागजात की जानकारी ली गई, ताकि नियमानुसार मुआवजा दिलाने की कार्रवाई आगे बढ़ाई जा सके। अधिकारियों ने बताया कि जामल गांव में गाय-बकरियां चराने के दौरान पिंकी देवी पर गुलदार ने हमला कर दिया था।हमले
में वह घायल हो गई थीं। घटना के बाद से ग्रामीणों में गुलदार को लेकर दहशत बनी हुई है और वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने तथा गुलदार की निगरानी की मांग की जा रही है। वन विभाग के अधिकारियों ने ग्रामीणों को सतर्क रहने और जंगल अथवा आबादी के आसपास अकेले न जाने की सलाह दी है। टीम ने क्षेत्र में गुलदार की गतिविधियों पर नजर रखने की बात भी कही।


