
चेतना, संस्कार और करूणा का विस्तार है स्वच्छता: साध्वी भगवती
परमार्थ निकेतन और ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस ने विश्व शौचालय दिवस और विश्व बाल दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 500 से अधिक बच्चों और समुदाय के सदस्यों ने भाग लिया। साध्वी भगवती सरस्वती ने स्वच्छता और पोषण के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में जागरूकता रैली, क्विज और स्वास्थ्य कैंप भी शामिल थे।
परमार्थ निकेतन एवं ग्लोबल इंटरफेथ वॉश एलायंस ने डिवाइन शक्ति फाउंडेशन के सहयोग से बुधवार को विश्व शौचालय दिवस और विश्व बाल दिवस के उपलक्ष्य में कार्यक्रम आयोजित किया, जिसमें 500 से अधिक स्कूली बच्चों, शिक्षकों, आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, सफाई मित्रों, समुदाय प्रतिनिधियों और सहयोगी संस्थाओं ने सहभाग किया। कार्यक्रम में डिवाइन शक्ति फाउंडेशन की अध्यक्ष एवं जीवा की अंतराष्ट्रीय महासचिव साध्वी भगवती सरस्वती ने कहा कि स्वच्छता केवल शारीरिक क्रिया नहीं, बल्कि यह हमारी चेतना, संस्कार और करुणा का विस्तार है। जब हम बच्चों को स्वच्छता, पोषण और गरिमा का उपहार देते हैं, तब हम न केवल उनका भविष्य उज्ज्वल बनाते हैं, बल्कि संपूर्ण राष्ट्र की प्रगति की नींव रखते हैं।
हमारे सफाई मित्र समाज के सच्चे नायक हैं, उनका सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण हमारा नैतिक उत्तरदायित्व है। आज का यह उत्सव हमें याद दिलाता है कि स्वच्छ भारत केवल एक अभियान नहीं, बल्कि सामूहिक संकल्प और सतत प्रयासों का जीवंत आंदोलन है। कार्यक्रम में बच्चों के लिए आयोजित सत्रों में जागरूकता रैली, रचनात्मक गतिविधियां, स्वच्छता एवं पोषण पर क्विज, नाटिका प्रस्तुतियां, सामूहिक स्वच्छता संकल्प और प्रेरणादायी संवादों और झाकियों के माध्यम से उन्हें स्वच्छ एवं स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया गया। इस दौरान परमार्थ निकेतन के समक्ष गंगा तट पर “टॉयलेट वॉक” शैक्षणिक प्रदर्शनी भी स्थापित की गई, जिसमें बच्चों को विभिन्न प्रकार के शौचालय मॉडल, स्वच्छता तकनीक और पोषण के महत्व को रोचक और सरल तरीके से समझाया गया। इसके साथ ही सफाई मित्रों के लिए वेलनेस कैंप आयोजित किया गया। जिसमें में योग, ध्यान, प्राणायाम, मर्म चिकित्सा, आयुर्वेदिक फुट मसाज, स्वास्थ्य, स्त्रीरोग चिकित्सा एवं दंत परीक्षण, व्यक्तिगत स्वच्छता जागरूकता सत्र और गरिमा किट वितरित किये गये। मौके पर राकेश रोशन, उपासना पात्रा, स्वामी सेवानन्द, रोहन, कृष्णप्रिया, योगाचार्य गायत्री गुप्ता, वन्दना शर्मा, हेमचन्द, करूणा, प्रधानाचार्या आशा गैरोला, कल्पना साहनी, अमित, कुसुम, शांति, रेखा, चेतना, शीतल, आशा डंगवाल, हेमा, नेहा बिष्ट, नेहा भंडारी, शीतल, माधव, परमार्थ, अभिलाषा, पूजा, दृष्टि, मीरा, स्वाति बिश्नोई आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




