
आध्यात्म और सुकून की तलाश में खींचे चले आ रहे विदेशी
ऋषिकेश में विदेशी पर्यटकों की संख्या में तेजी से बढ़ोतरी हो रही है, जो अध्यात्म और सुकून की तलाश में आए हैं। गंगा घाटी में रौनक लौट आई है, जिससे स्थानीय व्यापारियों को अच्छे कारोबार की उम्मीद है। योग प्रशिक्षण और राफ्टिंग जैसे गतिविधियों के लिए भी पर्यटक आकर्षित हो रहे हैं।
तीर्थनगरी में सर्द होता मौसम विदेशी पर्यटकों को भी खींच रहा है। अध्यात्म और सुकून की तलाश में विदेशी पर्यटकों आना शुरू हो गया है। इससे जहां गंगा घाटी गुलजार होने लगी है। वहीं स्थानीय व्यापारियों के चेहरों पर भी रौनक साफतौर पर दिख रही है। उन्हें इस विंटर सीजन में देसी-विदेशी पर्यटकों की बढ़ती आमद से अच्छे कारोबार होने की उम्मीद है। इन दिनों ऋषिकेश, मुनिकीरेती, तपोवन और स्वर्गाश्रम की सड़कों, सार्वजनिक और पर्यटक स्थलों पर हर जगह विदेशी पर्यटक नजर आ रहे हैं। गंगाघाटों और तटों पर भी विदेशी सैलानियों की मौजूदगी है, जिससे पर्यटकों पर ही निर्भर होटल, रिजॉर्ट, कैंप, रेस्टोरेंट और अन्य कारोबारी खुश दिख रहे हैं।

विदेशी पर्यटकों में सर्वाधिक आमद अमेरिका, रूस, इजराइल, स्वीडन, ब्राजील और जापान जैसे देशों की है। जबकि, राज्य के विभिन्न हिस्सों से भी देसी पर्यटक लगातार ऋषिकेश पहुंच रहे हैं। देसी पर्यटक यहां राफ्टिंग और कैंपिंग की वजह से आ रहे हैं। जबकि, विदेशी पर्यटकों को गंगा की कलकल बहती धारा और किनारे पर पड़ी रेत पर सुकून खींच रहा है। स्थानीय व्यापारी वैभव थपलियाल ने बताया कि विदेशी पर्यटक की संख्या में तेजी से उछाल गया है। तपोवन और मुनिकीरेती क्षेत्र में एक ही दिन में सौ से अधिक सैलानी पहुंच रहे हैं। इससे विंटर सीजन में अच्छा कारोबार होने की उम्मीद है। होटल कारोबारी अक्षत गोयल ने बताया कि इसी तरह से पर्यटकों का आना लगा रहा, तो इस सीजन में हर वर्ग के व्यापारियों की आर्थिकी को मजबूती मिल सकेगी। योग की तालीम लेने आ रहे ऋषिकेश -विदेशी पर्यटकों में योग विधा को जानने और उसका प्रशिक्षण हासिल कर शरीर को तनाव मुक्त और स्वस्थ्य रखने के लिए भी गहरी जिज्ञासा दिख रही है। यहां सैर-सपाटे के लिए पहुंचने वाले अधिकांश विदेशी पर्यटक विभिन्न संस्थानों पर संचालित योग प्रशिक्षण केंद्रों में योग विधाओं का प्रशिक्षण हासिल करते हुए आसानी से नजर आते हैं। 45 दिन में 25 हजार लोगों ने की राफ्टिंग -बरसात के बाद 27 सितंबर से राफ्टिंग सीजन फिर से शुरू हुआ, जिसके बाद से ही दिल्ली, एनसीआर, हरियाणा, यूपी व अन्य राज्यों से राफ्टिंग के शौकीन पर्यटकों का जमावड़ा मुनिकीरेती क्षेत्र में लगने लगा। दस नवंबर तक विभिन्न राज्यों के 25,968 पर्यटक राफ्टिंग कर चुके हैं। गंगा भी रंग-बिरंगी राफ्टों से हर दिन अटी नजर आ रही है। साहासिक पर्यटन अधिकारी जसपाल चौहान ने बताया कि राफ्टिंग कंपनियों को नियमों के अनुरूप ही पर्यटकों को राफ्टिंग कराने को सख्त निर्देश दिए हैं। निगरानी के लिए कर्मचारियों की तैनाती भी विभिन्न स्थानों पर की गई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




