मुनिकीरेती में साफ-सफाई ठप कर पर्यावरण मित्रों ने किया प्रदर्शन

Newswrap हिन्दुस्तान, रिषिकेष
share

मुनिकीरेती में पर्यावरण मित्रों ने ठेकेदार पर शोषण का आरोप लगाते हुए हड़ताल की। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जुलूस निकालकर पालिका कार्यालय में प्रदर्शन किया। उनकी मांगों में ठेका निरस्त करना, समय पर वेतन भुगतान और सभी सुविधाओं का लाभ शामिल है। अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन दिया, अन्यथा वे फिर से हड़ताल करेंगे।

मुनिकीरेती में साफ-सफाई ठप कर पर्यावरण मित्रों ने किया प्रदर्शन

मुनिकीरेती में ठेकेदार पर शोषण करने का आरोप लगाते हुए शुक्रवार को पर्यावरण मित्रों ने हड़ताल कर दी, जिससे सफाई व्यवस्था चरमरा गई। उन्होंने मुख्य मार्ग पर जुलूस निकालते हुए पालिका कार्यालय में नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। ठेका निरस्त करने समेत पांच सूत्रीय मांगों से संबंधित ज्ञापन अधिशासी अधिकारी को सौंपा। शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी। मुनिकीरेती नगर पालिका में तैनात 50 से ज्यादा पर्यावरण मित्रों का गुस्सा ठेकेदार के खिलाफ फूट पड़ा। सफाई का काम ठप करने के बाद पर्यावरण मित्र अखिल भारतीय सफाई संघ के बैनर तले हड़ताल पर चले गए। पीडब्ल्यूडी तिराहे के पास पार्क में जमा होने के बाद पर्यावरण मित्रों ने मुख्य मार्ग से पालिका कार्यालय तक जुलूस निकाला।

कार्यालय के बाहर प्रदर्शन करने के बाद धरना भी दिया। संघ के मुनिकीरेती शाखा अध्यक्ष कुलदीप राजौर ने कहा कि पर्यावरण मित्रों के वेतन का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। पीएफ और अन्य सुविधाओं में अनियमितता बरती जा रही है। कामकाज के दौरान पर्यावरण मित्रों से अनुचित व्यवहार भी किया जा रहा है। कई बार इसकी शिकायत करने पर भी कोई कार्रवाई नहीं होने के चलते उन्हें धरना-प्रदर्शन के लिए मजबूर होना पड़ा है। आक्रोशित पर्यावरण मित्रों ने एजेंसी का ठेका तत्काल प्रभाव से निरस्त करने, पर्यावरण मित्रों की समस्या की निष्पक्ष जांच, समय पर वेतन भुगतान और सभी सुविधाओं का लाभ, दोषी अधिकारियों व ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई तथा वेतन में प्रतिदिन 500 में 283 रुपये की बढ़ोतरी की मांग उठाई। बताया कि तहसीलदार अयोध्या प्रसाद उनियाल के आश्वासन पर फिलहाल सप्ताहभर का समय अधिशासी अधिकारी को कार्रवाई के लिए दिया गया है। बावजूद, उचित कदम नहीं उठाया गया तो फिर से हड़ताल शुरू की जाएगी। प्रदर्शन में सुंदर लाल, अमित, विकास, उर्मिला, साधना, नीशू, सोनू, आकाश आदि शामिल थे।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।