मासिक धर्म पर खुलकर होनी चाहिए चर्चा: स्वामी चिदानंद
परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने मासिक धर्म को सृष्टि की दिव्य प्रक्रिया बताया। उन्होंने कहा कि नारी का स्वास्थ्य समाज की सशक्तता के लिए आवश्यक है। कथा वाचक मुरलीधर महाराज ने भी स्वच्छता को राष्ट्रीय चेतना का विषय बताया। श्रद्धालुओं ने स्वच्छता का संकल्प लिया।

परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि जिस विषय पर खुलकर चर्चा होनी चाहिए, उसी को आज भी समाज में शर्म और चुप्पी के पर्दे के पीछे छिपा दिया जाता है। मासिक धर्म कोई अभिशाप नहीं, बल्कि सृष्टि के संचालन की ईश्वर प्रदत्त दिव्य प्रक्रिया है। गुरुवार को परमार्थ निकेतन में 34 दिवसीय श्रीराम कथा के 14वें दिन भी कथा मंच से मासिक धर्म स्वच्छता का संदेश दिया गया। परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती ने कहा कि जिस नारी के गर्भ से संपूर्ण मानवता जन्म लेती है, उसी नारी को उसके स्वाभाविक जैविक चक्र के कारण अपवित्र समझना हमारी सोच की सबसे बड़ी अशुद्धि है।
कहा कि जब तक हमारी बेटियाँ अपने शरीर, स्वास्थ्य और स्वाभिमान को लेकर भय, शर्म और असहजता में जीती रहेंगी, तब तक सशक्त समाज का निर्माण केवल एक सपना रहेगा। स्वस्थ नारी ही सशक्त समाज की आधारशिला है। यदि हमारी बेटियां शारीरिक, मानसिक और भावनात्मक रूप से स्वस्थ होंगी, तभी राष्ट्र सशक्त, समृद्ध और संस्कारित बनेगा। कथा वाचक मुरलीधर महाराज ने कहा कि “देवी स्वच्छ तो देश सशक्त और समृद्ध।” यदि हमारी बेटियां संक्रमण, अस्वच्छता और संकोच से पीड़ित रहेंगी, तो समाज कभी पूर्ण रूप से स्वस्थ नहीं हो सकता। नारी का स्वास्थ्य केवल व्यक्तिगत विषय नहीं, बल्कि राष्ट्रीय चेतना और सामाजिक उत्तरदायित्व का विषय है।पूर्व जत्थेदार अकाल तख्त साहब सरदार ज्ञानी गुरुबचन सिंह महाराज ने कहा कि श्रीराम कथा, अमृत कथा है। उन्होंने कहा कि सिख धर्म में दो ग्रंथ हैं। एक श्री गुरु ग्रंथ साहिब, दूसरा दशम ग्रंथ। दशम ग्रंथ में श्रीराम कथा की महिमा का वर्णन है कि श्रीराम की कथा युगों-युगों तक अमर है। उन्होंने कहा कि किसी भी ग्रंथ में बेटों को नहीं, बल्कि बेटी को प्राणों से प्यारी कहा गया है। जिस घर में पत्नी अपने पति को देवता और पति अपनी पत्नी को देवी मानता है, वह घर मंदिर बन जाता है। यह हमारे ऊपर है कि हमें अपने घर को नरक बनाना है या स्वर्ग। इस दौरान सभी श्रद्धालुओं ने स्वच्छता का संकल्प लिया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


