जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करती है नई शिक्षा नीति
डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में अंग्रेज़ी विषय पर 'क्षमता आधारित मूल्यांकन' पर प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों और नवीन मूल्यांकन प्रणाली से जोड़ा गया। प्रधानाचार्या सुमन तोमर ने शिक्षा के उद्देश्य पर प्रकाश डाला, जिसमें विद्यार्थियों की सोचने और विश्लेषण करने की क्षमता विकसित करने पर जोर दिया गया।
डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में अंग्रेज़ी विषय हेतु “क्षमता आधारित मूल्यांकन” विषय पर प्रशिक्षण कार्यशाला हुई। जिसमें शिक्षकों को आधुनिक शिक्षण पद्धतियों, गतिविधि आधारित अधिगम तथा नवीन मूल्यांकन प्रणाली से जोड़ने के लिए जानकारियां दी गई। शनिवार को डीएसबी इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में आयोजित कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों ने सहभागिता की। दयावती मोदी अकादमी मोदीपुर, रामपुर यूपी की प्रधानाचार्या सुमन तोमर ने क्षमता आधारित शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा का उद्देश्य केवल विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तक आधारित जानकारी देना नहीं, बल्कि उनमें सोचने, समझने, विश्लेषण करने तथा ज्ञान को व्यवहारिक जीवन में लागू करने की क्षमता विकसित करना है।
उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति एवं आधुनिक शिक्षण दृष्टिकोण विद्यार्थियों को केवल परीक्षाओं के लिए नहीं, बल्कि जीवन की चुनौतियों के लिए तैयार करने पर बल देते हैं। कहा कि शिक्षक केवल विषय ज्ञान देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण के मार्गदर्शक होते हैं। उन्होंने शिक्षकों को विद्यार्थियों में जिज्ञासा, आत्मविश्वास, रचनात्मकता एवं स्वतंत्र चिंतन विकसित करने के लिए प्रेरित किया। कहा कि यदि कक्षा शिक्षण को रोचक एवं सहभागितापूर्ण बनाया जाए, तो विद्यार्थी सीखने की प्रक्रिया से अधिक प्रभावी रूप से जुड़ते हैं। दयावती मोदी अकादमी के प्रवक्ता ऋतुपर्णा सेन गुप्ता ने शिक्षकों को अधिगम परिणाम आधारित प्रश्न निर्माण, गतिविधि आधारित शिक्षण, अनुभवात्मक अधिगम, प्रभावी कक्षा सहभागिता, सहयोगात्मक अधिगम एवं नवीन मूल्यांकन तकनीकों के विषय में विस्तृत जानकारी दी। मौके पर विद्यालय अध्यक्ष ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी महाराज, प्रधानाचार्य शिव सहगल आदि उपस्थित रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


