Rishikesh News: तीन मेडिकल स्टोर के क्रय-विक्रय पर रोक
Rishikesh News: औषधि विभाग की टीम ने मुनिकीरेती पुलिस के सहयोग से शिवपुरी और तपोवन में मेडिकल स्टोरों की चेकिंग की। लक्की मेडिकल में गंभीर अनियमितताएं पाई गईं, जिसके चलते संचालक का लाइसेंस निरस्त करने की सिफारिश की गई। अन्य मेडिकल स्टोरों पर भी क्रय-विक्रय पर रोक लगाई गई और दवाओं के सैंपल जांच के लिए भेजे गए।
Rishikesh News: औषधि विभाग की टीम ने मुनिकीरेती पुलिस के सहयोग से शिवपुरी और तपोवन क्षेत्र में मेडिकल स्टोरों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। टीम ने आधा दर्जन मेडिकल स्टोरों की जांच की। इस दौरान तपोवन के लक्की मेडिकल में भारी अनियमितताएं मिलने पर संचालक का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई। वहीं, तीन मेडिकल स्टोरों में भी कमियां मिलने पर उनके क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई है। कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मचा रहा। औषधि निरीक्षक ऋषभ धामा ने बताया कि लक्की मेडिकल की जांच के दौरान मौके पर फार्मासिस्ट नहीं मिला। मेडिकल स्टोर में गंदगी के साथ सीसीटीवी कैमरे भी संचालित नहीं पाए गए।
इन अनियमितताओं के चलते संचालक का लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की गई और क्रय-विक्रय पर रोक लगा दी गई। इसके अलावा तपोवन स्थित साईं मेडिकल स्टोर और शिवपुरी के हिमाद्री मेडिकल स्टोर के अभिलेखों में भी कमियां मिलीं। इन दोनों मेडिकल स्टोरों के क्रय-विक्रय पर भी रोक लगा दी गई है।उन्होंने बताया कि अलग-अलग मेडिकल स्टोर से चार दवाओं के सैंपल लिए गए हैं। इन्हें जांच के लिए देहरादून स्थित प्रयोगशाला भेजा गया है। जांच रिपोर्ट में दवाओं में कमी पाए जाने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। डीएम नितिका खंडेवाल ने नियमों के विरुद्ध संचालित मेडिकल स्टोरों पर कार्रवाई के लिए औषधि विभाग के अधिकारियों को नियमित चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं।


