
गन्ना किसानों के लिए 384.60 लाख रूपए का भुगतान जारी किया
डोईवाला शुगर कंपनी ने 2025-26 के पेराई सत्र के तहत किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान की दूसरी किस्त जारी की है। यह भुगतान 27 से 30 नवंबर तक किया गया है, जिसमें कुल 384.60 लाख रुपये किसानों के खातों में भेजे गए हैं। किसानों को नए दरों के अनुसार अतिरिक्त लाभ मिला है।
डोईवाला शुगर कंपनी लिमिटेड ने पेराई सत्र 2025-26 के तहत किसानों को गन्ना मूल्य भुगतान की दूसरी किस्त जारी कर दी है। यह भुगतान 27 से 30 नवंबर 2025 तक विभिन्न समितियों के माध्यम से मिल को की गई आपूर्ति के बदले किया गया है। कुल 384.60 लाख रुपये की राशि किसानों के खातों में भेजी गई है। चीनी मिल अधिशासी निदेशक डीपी सिंह ने बताया कि मिल द्वारा राज्य सरकार के निर्देश पर बढ़े हुए गन्ना मूल्य के अनुसार भुगतान किया जा रहा है। पिछली बार पुराने दरों पर हुए भुगतान और नए दरों के अंतर की राशि को भी इस किस्त में जोड़ा गया है, जिससे किसानों को अतिरिक्त लाभ मिल सका है।

भुगतान राशि में सहकारी गन्ना विकास समिति डोईवाला को 133.94 लाख रुपये, देहरादून समिति को 65.32 लाख, ज्वालापुर समिति को 59.30, रुड़की समिति को 97.82 लाख, द पांवटा वैली शुगरकेन ग्रोवरस सरकारी समिति पांवटा को 14.70 लाख, द शाकुंभरी शुगरकेन ग्रोवरस समिति पांवटा को 2.57 लाख, लक्सर समिति को 10.95 लाख का गन्ना मूल्य भुगतान जारी किया गया है। दूसरी किस्त से हजारों किसानों को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। उन्होंने सभी किसानों से मिल में साफ-सुथरा, ताजा एवं बिना कचरे वाला गन्ना समय पर पहुंचाने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सहकारी गन्ना विकास समितियों के माध्यम से किसानों को लगातार उचित सहायता उपलब्ध कराई जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




