
तीर्थनगरी में धूमधाम से मनाई गई दीपावली
संक्षेप: ऋषिकेश नगर में दीपावली का पर्व धूमधाम से मनाया गया। लोग घरों की सजावट और पूजा में व्यस्त रहे। बाजारों में भीड़ लगी रही और शाम को लक्ष्मी-गणेश की पूजा की गई। दीप जलाकर घरों को सजाया गया और आतिशबाजी से...
ऋषिकेश नगर और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार को दीपावली का पर्व पूरे उत्साह और उल्लास के साथ मनाया गया। सुबह से ही लोगों ने घरों की साफ-सफाई और सजावट की तैयारियों में दिन बिताया। बाजारों में दीपक, झालर, मिठाई और उपहार की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ लगी रही। शाम होते ही लोगों ने घरों और दुकानों में लक्ष्मी-गणेश की पूजा अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की। पूजा के बाद दीपक जलाकर लोगों ने अपने घरों को रोशनी से सजाया। ऋषिकेश नगर, श्यामपुर, डोईवाला, रायवाला, तपोवन, मुनिकीरेती आदि क्षेत्रों की तमाम गलियां और सड़कों पर रंग-बिरंगी झालरों की चमक देखते ही बनी।
मंदिरों में भी विशेष सजावट रही। श्रद्धालुओं की भीड़ पूजन के लिए पहुंचती रही। पूजा के बाद जगह-जगह पटाखों और आतिशबाजी से आसमान रोशन हुआ। बच्चे फुलझड़ियां, अनार और चकरी चलाकर आनंद लेते दिखे। दीपावली की रात जैसे ही घिरी, पूरा नगर दीपों की जगमगाहट से नहा उठा। लोग एक-दूसरे को मिठाइयां खिलाकर पर्व की शुभकामनाएं देते नजर आए। महिलाएं पारंपरिक परिधानों में सजीं और घरों की चौखटों पर रंगोली सजाकर दीप जलाए। कई परिवारों ने इस अवसर पर अपने परिजनों के साथ सामूहिक भोजन कर दीपावली का आनंद लिया। बाजारों में देर रात तक रौनक बनी रही। पुलिस प्रशासन ने जगह-जगह सुरक्षा व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा। अग्निशमन विभाग की टीम भी पूरे समय अलर्ट पर रही। दीपों की रोशनी और आतिशबाजी की चमक से पूरा वातावरण उत्सवमय बनाया। देर रात तक लोगों ने दीपावली के पर्व की खुशियां मनाईं और अपने घरों में सुख-शांति की कामना की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




