चंबा शहर के नीचे सुरंग बनाने का काम शुरू
सीमा सड़क संगठन ने गंगोत्री हाईवे पर चंबा के पास सुरंग निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सुरंग पर अक्तूबर माह में यातायात शुरू हो जायेगा। 440 मीटर लंबी सुरंग निर्माण में 87 करोड़ रुपये खर्च...
सीमा सड़क संगठन ने गंगोत्री हाईवे पर चंबा के पास सुरंग निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। सुरंग पर अक्तूबर माह में यातायात शुरू हो जायेगा। 440 मीटर लंबी सुरंग निर्माण में 87 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मंगलवार को बीआरओ के महानिदेशक ले. जनरल हरपाल सिंह एवं मुख्य अभियंता आशु सिंह राठौर ने सुरंग के पास पूजन का शुभारंभ किया।
सीमा सड़क संगठन ने चारधाम परियोजना के बड़ी उपलब्धि हासिल की है। सुरंग के उत्तर और दक्षिण छोर को मिलाने का अधिकांश कार्य, कोविड-19 की चुनौतियों एवं राष्ट्रव्यापी तालाबंदी के कारण प्रतिबंधों के बीच पूरा किया गया। भूमि अधिग्रहण, कमजोर भू-विज्ञान, निरंतर जल निकासी के चलते सुरंग का निर्माण चुनौतीपूर्ण कार्य था। मुख्य अभियंता एएस राठौर ने बताया कि सीमा सड़क संगठन ने जनवरी 2019 में सुरंग के उत्तरी छोर पर काम शुरू किया था। लेकिन दक्षिण छोर पर भूमि मुआवजा और मकानों की सुरक्षा के मुद्दों का समाधान करने के उपरान्त अक्टूबर 2019 के बाद शुरू हो सका। जिस पर तेजी से कार्य हो रहा है। सुरंग निर्माण में नवीनतम ऑस्ट्रियाई तकनीक का उपयोग किया गया है। सुरंग जनवरी 2021 को पूरा होने की निर्धारित तिथि से लगभग तीन महीने पहले अक्टूबर 2020 तक यातायात के लिए तैयार हो जायेगी। 4.2 किमी सड़क और 440 मीटर सुरंग का निर्माण 87 करोड़ की लागत से किया जा रहा है। मुख्य अभियंता ने बताया कि लगभग 12,000 करोड़ रूपये की लागत वाली प्रतिष्ठित चारधाम परियोजना के तहत, सीमा सड़क संगठन 249 किलोमीटर राष्ट्रीय राजमार्ग का निर्माण कर रहा है। जोकि गंगोत्री और श्रीबद्रीनाथ के पवित्र मंदिरों की ओर जाता है। केंद्रीय सडक एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने बीआरओ के महानिदेशक ले. जनरल हरपाल सिंह, मुख्य अभियंता एएस राठौर एवं टीम को राष्ट्रीय महत्व की महत्वपूर्ण परियोजनाओं में तेजी से कार्य करने पर बधाई दी है।
