16 फरवरी को राजभवन का होगा घेराव
देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता 16 फरवरी को लोकभवन का घेराव करेंगे। वे महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ आवाज उठाएंगे। कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि राज्य में महिलाओं का उत्पीड़न बढ़ रहा है और सरकार पर कई आरोप लगाए हैं। कार्यकर्ताओं को अधिक संख्या में राजभवन लाने के लिए कहा गया है।
देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ता 16 फरवरी को लोकभवन का घेराव करेंगे। रैली में प्रदेशभर से कार्यकर्ता घेराव के लिए पहुंचेंगे। इस दौरान कार्यकर्ता राज्य में महिलाओं पर बढ़ते अत्याचार, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करेंगे। गुरुवार को उत्तराखंड कांग्रेस के चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष डॉ. हरक सिंह रावत ने रेलवे रोड स्थित एक होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में इसकी जानकारी दी। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश में महिलाओं का उत्पीड़न तेजी से बढ़ा है। महज एक सप्ताह के भीतर ही तीन महिलाओं की हत्या की घटनाएं सामने आई हैं, जिससे राज्य में सुरक्षा व्यवस्था की पोल भी खुल गई है।
दावा किया कि राष्ट्रीय महिला आयोग ने ही देहरादून को महिलाओं के लिए असुरक्षित महानगरों में शामिल कर दिया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने सेना में अग्निवीर जैसी योजना लाई है, जो कि भारतीय युवाओं को उद्योगपतियों को गार्ड बनाने की योजना है। उन्होंने प्रदेश सरकार पर जिलों में पुलिस कप्तानों के माध्यम से वसूली गैंग चलाने का भी आरोप लगाया। आपदा पीड़ितों को आज तक सरकार की तरफ से राहत नहीं देने का भी दावा किया। अंकिता हत्याकांड में भी न्याय को लेकर सरकार की मंशा पर उन्होंने सवाल उठाए। बताया कि इन मुद्दों को लेकर ही 16 फरवरी को कांग्रेस राजभवन घेराव करने जा रही है। वहीं, प्रेसवार्ता से पूर्व उन्होंने रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक भी की। उन्हें राजभवन घेराव में क्षेत्र से अधिक से अधिक संख्या में कार्यकर्ताओं को दून लाने के लिए कहा। वार्ता में पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवाण, कांग्रेस नेता राजपाल खरोला, नगर अध्यक्ष राकेश सिंह मियां, जयेंद्र रमोला, पार्षद देवेंद्र प्रजापति, राकेश अग्रवाल आदि मौजूद शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



