संविधान दिवस पर शिक्षण संस्थानों में होगा सामूहिक वंदे मातरम कार्यक्रम : धन सिंह
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने 26 जनवरी को सभी शिक्षण संस्थानों में 'सामूहिक वंदे मातरम' कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में प्रश्नोत्तरी कराई जाएगी जिससे छात्रों में देश प्रेम और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधारों और 'भारत दर्शन' जैसी पहलों पर भी जोर दिया।
शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि 26 जनवरी (संविधान दिवस) पर राज्य के कक्षा एक से लेकर डिग्री कॉलेज तक के सभी शिक्षण संस्थानों में ‘सामूहिक वंदे मातरम' कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस कार्यक्रम के दौरान प्रश्नोत्तरी भी कराई जाएगी, जिससे छात्रों में देश प्रेम और संवैधानिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ेगी। शुक्रवार को डोईवाला के अठूरवाला स्थित कोटी में बाल दिवस पर प्रदेश स्तरीय बाल चौपाल का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने किया। उन्होंने बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि ये सभी बच्चे भविष्य की नींव रखेंगे और एक अच्छे समाज की परिकल्पना को साकार करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान आनंदम परियोजना की छठी वर्षगांठ मनाई गई। उन्होंने शिक्षा व्यवस्था में सुधारों पर जोर देते हुए कहा कि छात्रों को देश की संस्कृति से जोड़ने के लिए ‘भारत दर्शन’ जैसी पहल शुरू की गई है। नया पाठ्यक्रम का निर्धारण भी समय पर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य में अध्यापकों की कमी नहीं है। स्कूलों में शिक्षकों की कमी नहीं होने दी जाएगी। स्कूलों में फर्नीचर, खेल-कूद का सामान, स्मार्ट क्लास की सुविधा और किताबों की उपलब्धता पहले दिन से ही सुनिश्चित की जा रही है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक रूप से वंदे मातरम गाकर किया। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी निदेशक माध्यमिक शिक्षा अजय नौटियाल, निदेशक शैक्षिक अनुसंधान और ट्रेनिंग वंदना गर्ब्याल, जिला शिक्षा अधिकारी प्राथमिक प्रेमलाल भारती, खंड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट, ब्लॉक अध्यक्ष शिक्षक संघ द्वारा नरेंद्र सागर, संजय नौटियाल, अर्चना, राजेश डोभाल, चंद्र प्रकाश पाल अनिल कुमार अस्सवाल, विनोद गोस्वामी धीरेंद्र सिंह रावत आदि उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




