चौदह मंजिला भवन बंद होने पर दुकानदारों का प्रदर्शन
स्वर्गाश्रम में चौदह मंजिला भवन के कार्यालय में बीकेटीसी और कैलाशानंद मिशन ट्रस्ट द्वारा ताला जड़ दिए जाने से दो दर्जन से अधिक दुकानदार सड़क पर आ गए हैं। इससे नाराज व्यापारियों ने धरना दिया और ताला खोलने की मांग की। प्रभावित दुकानदार पिछले कई वर्षों से यहां काम कर रहे हैं और अब बेरोजगार हो गए हैं।

स्वर्गाश्रम में चौदह मंजिला भवन के एक कार्यालय में पहले बीकेटीसी और अब कैलाशानंद मिशन ट्रस्ट ने ताला जड़ दिया है। इस कार्रवाई से दो दर्जन से ज्यादा दुकानदार सड़क पर आ गए हैं। उनकी दुकानें भी इस खींचतान में बंद हो गई हैं, जिससे नाराज व्यापारियों ने शुक्रवार को भवन के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि इन दुकानों से परिवार का भरण-पोषण चल रहा है, लेकिन एकाएक इस तरह की कार्रवाई से वह बेरोजगार हो गए हैं। शुक्रवार को चौदह मंजिला भवन में तालाबंदी के विरोध में व्यापारियों ने धरना देकर प्रदर्शन किया। उन्होंने भवन का ताला अतिशीघ्र खोलने की मांग की, जिससे दुकानों का संचालन सुचारु रूप से हो सके।
प्रभावित दुकानदार शुभम शर्मा ने बताया कि वह पिछले करीब डेढ़ दशक से यहां कारोबार कर रहे हैं, मगर एकाएक तालाबंदी से उनकी दुकान बंद हो गई है। कहा कि पहले कोरोना की मार झेली और इसके बाद लक्ष्मणझूला पुल बंद होने से परेशान हैं। अब इस कार्रवाई से रोजीरोटी का संकट खड़ा हो गया है। बताया कि बीकेटीसी और कैलाशानंद मिशन ट्रस्ट का मामला कोर्ट में चल रहा है, जिसके चलते संवैधानिक दायरे में कम से कम इन दुकानों पर निर्भर लोगों का व्यापार तो बंद नहीं करना चाहिए। वहीं, सुनीता देवी ने बताया कि वह तीन दशक से यहां काम कर रही हैं। चौदह मंजिला भवन में मंदिर की वजह से दुकानदारों का घर चल रहा था, मगर यह कार्रवाई होने से सभी सड़क पर आ गए हैं। वहीं, चौदह मंजिला भवन में दर्शन के लिए पहुंचे झांसी पहुंचे श्रद्धालु भी ताले की वजह से परेशान होते दिखे। कहा कि वह काफी दूर से श्रद्धा के साथ दर्शन को आए थे। भवन में ताला लगा होने से मायूस होकर लौटने के सिवाय कोई रास्ता नहीं बचा है। प्रदर्शनकारियों में विनय तिवारी, रवि वर्मा, अरूण शर्मा, जीतू अवस्थी, नीलेंद्र, अनीता शर्मा, शेखर पांडेय, भास्कर पाठक आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



