
बाल दिवस पर चाचा नेहरू को किया याद
संक्षेप: तीर्थनगरी में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न विद्यालयों में सांस्कृतिक और खेल गतिविधियाँ आयोजित की गईं। कार्यक्रम का शुभारंभ मेयर और अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा किया गया। बच्चों ने स्वच्छता की शपथ ली और कई प्रतियोगिताओं में भाग लिया। सभी ने चाचा नेहरू को श्रद्धांजलि दी।
तीर्थनगरी में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। विभिन्न स्कूलों में आयोजित कार्यक्रमों में विभिन्न प्रकार की सांस्कृतिक और खेल गतिविधियां भी हुई। कार्यक्रमों में प्रथम प्रधानमंत्री स्व. जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई। शुक्रवार को आईडीपीएल स्थित पीएमश्री राजकीय इंटर कॉलेज वीरभद्र में बाल दिवस कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिसका शुभारंभ मुख्य अतिथि मेयर शंभू पासवान, राज्यमंत्री गिरीश डोभाल, नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, पार्षद हर्षवर्धन रावत, सुरेंद्र सिंह नेगी, राजेश कोठियाल ने संयुक्त रूप से किया। मेयर शंभू पासवान ने कहा कि देश की युवा पीढ़ी बच्चों के द्वारा ही उन्नत राष्ट्र की उन्नति संभव है। उन्होंने कहा कि बच्चों को शिक्षा के साथ-साथ शिक्षणेत्तर क्रियाविधियों पर भी विशेष योगदान देना होगा।

नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने कहा कि उन्नत एवं विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हमें अपने द्वारा उत्पादित कूड़े को स्वयं प्रबंध करना होगा। उन्होंने कहा कि स्वच्छता की शपथ लेनी होगी और पर्यावरण संतुलन के लिए स्वच्छता कार्यक्रम का शुभारंभ करना होगा। बाल दिवस पर विद्यालय के शिक्षकों ने स्वयं अपने हाथ से निर्मित पूरी सब्जी झंगोरे की खीर आदि बनाकर बच्चों को सामूहिक भोज करवाया। सभी बच्चों ने स्वच्छता की शपथ ली और पर्यावरण संतुलन के लिए स्वच्छता कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस अवसर पर शिक्षा सत्र 2024-25 में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित विभिन्न विद्यालयी खेलकूद प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को भी प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय के खेल प्रभारी पंकज सती ने बताया कि विद्यालय से 28 बच्चों द्वारा 35 प्रतिस्पर्धाओं में राज्य स्तर पर तथा 13 बच्चों ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिभाग किया गया। बाल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में गंगा सस्टेनेबिलिटी 4.0 रन फॉर क्लीन गंगा मैराथन में प्रतिभाग करने वाले चालीस एनएसएस स्वयंसेवियों को भी प्रमाण पत्र, मैडल एवं गिफ्ट प्रदान किए गए। मौके पर नरेंद्र रावत, पंकज सती, सुरेश बलोदी, ललित मोहन जोशी, सुशील सैंनी, हरेन्द्र राणा, मनोज गुप्ता, सुशील रावत, दिवाकर नैथानी,नीरजा कर्णवाल, मोनिका रौतेला, इंन्दू नेगी, रेखा विष्ट, रेखा पंवार, सुनीता पंवार, सरोज लोचन आदि उपस्थित रहे। गंगोत्री विद्या निकेतन सुमन विहार बापू ग्राम में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किये। बाल दिवस को यादगार बनाने के लिए विद्यालय में चित्रकला, निबंध व खेलकूद आदि विभिन्न प्रतियोगिताएँ भी आयोजित की गई जिसमें बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। विद्यालय संचालक बंशीधर पोखरियाल ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम बच्चों की रचनात्मकता और आत्मविश्वास को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने पंडित जवाहरलाल नेहरू के योगदान को बच्चों के साथ साझा किया। मौके पर प्रधानाचार्य प्रमोद मलासी, रामप्रसाद उनियाल, गौरा, साधना ध्यानी, प्रबोध उनियाल,योगेश ढौंडियाल, संतोष बंदूनी ,यज्ञव्रत पोखरियाल,सैफाली विश्वास, संतोषी खंतवाल, चमन आदि उपस्थित रहे। उधर, हरिचंद गुप्ता आदर्श कन्या इंटर कॉलेज में बाल दिवस धूमधाम से मनाया गया। छात्राओं ने विभिन्न खेल की गतिविधियों में भाग लिया। प्रधानाचार्य पूनम शर्मा ने कहा कि बाल दिवस हमें बच्चों के अधिकारों और उनकी शिक्षा के महत्व को याद दिलाता है। हमें बच्चों को एक उज्ज्वल भविष्य देने के लिए काम करना चाहिए। कांग्रेसियों ने चाचा नेहरू को दी श्रद्धांजलि रेलवे रोड स्थित कांग्रेस भवन में बाल दिवस और प्रथम प्रधानमंत्री स्व. पंडित जवाहर लाल नेहरू की जयंती पर कार्यक्रम आयोजित किया। जिसमें सभी ने उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। महानगर अध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद में जन्मे स्व. जवाहरलाल नेहरू भारत के पहले प्रधानमंत्री बने और वह एक दूरदर्शी राजनेता थे। उनका जन्मदिवस बच्चों के प्रति उनके गहरे प्रेम के कारण, भारत में बाल दिवस के रूप में मनाया जाता है। वरिष्ठ कांग्रेसी अरविन्द जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री के रूप में जवाहरलाल नेहरू के दृष्टिकोण ने भारत को धर्मनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक और न्यायपूर्ण समाज के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने कई महत्वपूर्ण संस्थानों की नींव रखी, जैसे कि वैज्ञानिक, तकनीकी और चिकित्सा संस्थान। मौके पर मदन मोहन शर्मा, बैसाख सिंह पयाल, चंदन सिंह पँवार, सूरत सिंह कोहली, जयपाल सिंह पयाल, राजेंद्र कोठारी, ललित मोहन मिस्र, ऋषि सिंघल, अभिनव सिंह मलिक, रुकम पोखरियाल, देवेंद्र प्रजापति, ऋषभ राणा, अशोक शर्मा, मदन शर्मा, बप्पी अधिकारी, मनीष आदि उपस्थित रहे। बच्चों को यौन उत्पीड़न के बारे में दी जानकारी गुरूनानक पब्लिक हाईस्कूल ऋषिकेश में बाल दिवस पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तहत जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें तहसील विधिक सेवा समिति के सचिव अभिषेक कुमार मिश्र द्वारा कार्यक्रम में बच्चों को शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, स्वच्छता के लिए प्रेरित किया गया तथा बाल यौन उत्पीडन के बारे में जानकारी साझा की। उन्होंने विद्यार्थियों के प्रश्नों के उत्तर देकर उनकी जिज्ञासा का समाधान एवं आने वाली समस्याओं के निराकरण का प्रयास किया। शिविर में लगभग 250 विद्यार्थीगण ने प्रतिभाग किया। लेखन में राधिका ओर कला में कृति रही अव्वल रायवाला। भारत के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू की जयंती और बाल दिवस पर राजकीय प्राथमिक विद्यालय प्रतीतनगर रायवाला में चाचा नेहरू की फोटो पर माल्यार्पण एवं पुष्पाजलि अर्पित की गई। इसके साथ ही सुलेख एवं कला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। लोक कल्याण समिति की ओर से आयोजित लेखन प्रतियोगिता में राधिका कुमारी ने प्रथम पुरस्कार हासिल किया। दीपिका ने द्वितीय व सृष्टि ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। कला प्रतियोगिता का प्रथम पुरस्कार कृति ने हासिल किया। जबकि दीपिका ने दूसरा व राधिका ने तीसरा स्थान हासिल किया। समापन पर ग्राम प्रधान राजेश जुगलान ने विजयी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया। मौके पर विरेन्द्र नौटियाल, अंजू बडोला, दिव्या बेलवाल, राजेन्द्र प्रसाद तिवाड़ी, ऋषिराम शर्मा, विद्यालय की प्रधान अध्यापिका मंजू थपलियाल, राम सिंह, रूचि सती, नितेश सेमवाल, आशीष सेमवाल, रोहित नेगी, विशेष तिवाड़ी, आशीष उनियाल, दीपक जोशी, आहिल्या पंवार आदि उपस्थित रहे। क्रिकेट मुकाबले में शिक्षकों की टीम जीती डोईवाला। पब्लिक इंटर कॉलेज में बाल दिवस पर विभिन्न क्रीड़ा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। वॉलीबॉल मैच के छात्र वर्ग में कक्षा 9, बैडमिंटन में सूर्या, सुहाना दौड़ में आदर्श, अजय, करण, हृदयांश, शुभ, प्रिंस, नींबू दौड़ में लक्ष्मी और छात्राओं के क्रिकेट मैच में कक्षा 12 की टीम अव्वल रही। शिक्षक कर्मचारी और छात्रों के मध्य खेले गए मैत्री क्रिकेट मैच में शिक्षक कर्मचारियों की टीम 6 रन से विजय रही। इस दौरान छात्र छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी दी। मौके पर प्रधानाचार्य अंकित डोबरियाल, आलोक जोशी, भुवनेश वर्मा, ओमप्रकाश काला, रत्नेश द्विवेदी, विवेक बधानी, सुदेश सहगल, पूजा जोशी, किरण बिष्ट, हिमांशु कश्यप, राजीव कंडवाल, राधा गुप्ता, चारू वर्मा, मयंक शर्मा, चेतन प्रसाद कोठारी, उदय सिंह पाल, श्रीपाल आदि रहे। डोईवाला के बबल्स प्ले स्कूल में बाल दिवस पर नन्हे-मुन्ने बच्चों ने एक से बढ़कर एक मनमोहक और सुंदर सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। मौके पर प्रधानाचार्य आरपी पंत, मुकेश पंत, कविता थापा, गीता कोतवाल, नेहा पाल, मनोरमा, शोभा देवी आदि रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




