एम्स ऋषिकेश में आचार्य प्रशांत का युवाओं से संवाद

Apr 28, 2026 07:26 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, रिषिकेष
share

दार्शनिक आचार्य प्रशांत ने एम्स ऋषिकेश में युवा चिकित्सकों को संबोधित करते हुए मनोविज्ञान, जीवन के उद्देश्य और लैंगिक पहचान जैसे विषयों पर विचार साझा किए। उन्होंने जीवन के उद्देश्य पर प्रचलित धारणाओं को चुनौती दी और महिला सशक्तीकरण पर मनोवैज्ञानिक दृष्टिकोण पेश किया। उनका मानना है कि समस्या का मूल कारण सामाजिक से अधिक मनोवैज्ञानिक है।

एम्स ऋषिकेश में आचार्य प्रशांत का युवाओं से संवाद

दार्शनिक विचारक और लेखक आचार्य प्रशांत ने मंगलवार को एम्स ऋषिकेश में आयोजित विशेष संवाद सत्र में युवा चिकित्सकों, शोधार्थियों और फैकल्टी सदस्यों को संबोधित किया। उन्होंने मनोविज्ञान, जीवन के उद्देश्य, लैंगिक पहचान और अध्यात्म जैसे जटिल विषयों पर स्पष्ट और बेबाक विचार रखे। एम्स सभागार में निदेशक प्रोफेसर मीनू सिंह तथा डीन प्रोफेसर सौरभ वार्ष्णेय ने आचार्य प्रशांत को अंगवस्त्र तथा स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। छात्रों और डॉक्टरों के बीच सत्र की शुरुआत एक खुली बातचीत से हुई। युवा भावी चिकित्सकों के एक पैनल ने आचार्य प्रशांत से सीधे सवाल पूछे, जिससे चिकित्सा और दर्शन के बीच एक जीवंत संवाद देखने को मिला।

जीवन के उद्देश्य पर चर्चा करते हुए उन्होंने प्रचलित धारणाओं को चुनौती दी। उनका कहना है कि लोग जिस उद्देश्य की तलाश करते हैं, वह अक्सर उनकी अपनी समझ नहीं होती, बल्कि समाज से बिना जांचे-परखे अपनाई गई अवधारणाएं होती हैं। उन्होंने कहा जब तक भीतर बेचैनी है, तब तक उद्देश्य की जरूरत बनी रहेगी। सवाल यह है कि यह बेचैनी आती कहां से है। आचार्य प्रशांत ने महिला सशक्तीकरण के विषय पर भी पारंपरिक विमर्श से अलग दृष्टिकोण प्रस्तुत किया। उन्होंने माना कि आरक्षण और संस्थागत अवसर जरूरी हैं, लेकिन समस्या का पूर्ण समाधान नहीं हैं। उनके अनुसार, महिलाओं की स्थिति का मूल कारण सामाजिक या आर्थिक से अधिक मनोवैज्ञानिक है। उन्होंने कहा कि उच्च शिक्षा प्राप्त महिलाएं भी मानसिक रूप से बंधी रह सकती हैं, क्योंकि स्त्री की पहचान एक गहरी मानसिक संरचना के रूप में मौजूद रहती है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।