विधानसभा में डोईवाला विधायक ने उठाए क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दे

Newswrap हिन्दुस्तान, रिषिकेष
share

2026 विधानसभा सत्र में डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने पंचायत भवनों की खराब स्थिति, मोथरोवाला-चानचक मार्ग निर्माण और जाखन नदी की बाढ़ से हुए नुकसान पर चर्चा की। उन्होंने सरकार से इन समस्याओं के समाधान की ठोस योजना पूछी, जिसमें चार पंचायत भवनों की मरम्मत और तीन के नव-निर्माण की आवश्यकता बताई गई।

विधानसभा में डोईवाला विधायक ने उठाए क्षेत्र के ज्वलंत मुद्दे

विधानसभा के प्रथम सत्र 2026 में डोईवाला विधानसभा क्षेत्र की बुनियादी समस्याएं सदन में गूंज उठीं। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने पंचायत भवनों की जर्जर स्थिति, मोथरोवाला-चानचक मार्ग निर्माण और रानीपोखरी क्षेत्र में जाखन नदी की बाढ़ से हुए नुकसान का मुद्दा जोरदार ढंग से उठाया। विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि डोईवाला क्षेत्र की कई ग्राम पंचायतों के पंचायत भवन बदहाल स्थिति में हैं, जिससे पंचायत स्तर पर प्रशासनिक कार्यों में दिक्कत आ रही हैं। उन्होंने सरकार से पूछा कि इन भवनों की मरम्मत और नव-निर्माण को लेकर क्या ठोस योजना है। सरकार ने सदन को बताया कि डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के चार पंचायत भवनों में मरम्मत की आवश्यकता है, जबकि तीन पंचायत भवन अत्यधिक जर्जर होने के कारण नव-निर्माण योग्य हैं।

साथ ही यह भी बताया गया कि पिछले चार वर्षों में प्रदेश में 819 पंचायत भवनों का निर्माण और पुनर्निर्माण किया गया है। विधायक बृजभूषण ने मोथरोवाला-चानचक मार्ग का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यह सड़क वर्षों से क्षेत्रवासियों की मांग रही है। इसके निर्माण से मोथरोवाला, डोईवाला, कुंआवाला और सैनिक कॉलोनी सहित आसपास के क्षेत्रों के 50 हजार से अधिक लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से बताया गया कि मार्ग के प्रथम चरण के लिए प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति दी जा चुकी है, जबकि द्वितीय चरण की स्वीकृति राज्य के वित्तीय संसाधनों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। रानीपोखरी क्षेत्र में जाखन नदी में आई बाढ़ का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने कहा कि बाढ़ से बाजार क्षेत्र, खेल मैदान और अन्य सार्वजनिक स्थलों को भारी नुकसान पहुंचा है। इस पर सरकार ने बताया कि तत्काल अस्थाई बाढ़ सुरक्षा कार्य कराए गए हैं तथा स्थाई समाधान के लिए सुरक्षा दीवार निर्माण की योजना तैयार कर ली गई है, जिसकी स्वीकृति वित्तीय संसाधनों पर निर्भर करेगी। सरकार के जवाब के बाद अब क्षेत्रवासियों की निगाहें इन योजनाओं के धरातल पर उतरने पर टिकी हैं।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।