उत्तराखंड में नए साल के जश्न के दौरान दो युवकों के पीछे पड़ गया भालू , ऐसे बची जान
ऋषिकेश के खदरी क्षेत्र में नए साल के जश्न के दौरान दो युवकों का सामना भालू से हो गया, जिसके बाद वन विभाग ने भालू को ट्रैंककुलाइज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने को कहा है।

नए साल का जश्न मनाने जा रहे दो युवकों का खदरी खड़कमाफ स्थित दिल्ली फार्म गांव की गली में घूम रहे भालू से सामना हो गया। भालू को सामने देख युवक सकते में आ गए। इस बीच भालू ने दोनों युवकों को दौड़ा लिया। भालू कुछ दूर उनके पीछे दौड़ा, लेकिन वहां मौजूद कुत्तों के भौंकने से भालू रुक गया। गनीमत रही कि युवकों पर भालू ने हमला नहीं किया।
भालू के हरदिन धमकने से लोगों में खौफ बढ़ता जा रहा है। वन विभाग की टीम भालू की तलाश में जुट गई है। वन विभाग ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। बता दें की बीते तीन दिन से गंगा और सौंग नदी से सटे खदरी क्षेत्र में भालू सक्रिय है। भालू की तस्वीरें सीसीटीवी कैमरे में देखी जा रही है। भालू रात के समय खास तौर पर देहात इलाके की गलियों में घूमता हुआ देखा जा रहा है। हालांकि अभी तक भालू ने किसी इंसान पर हमला नहीं किया। लेकिन ग्रामीणों में भालू की दहशत बनी है। ग्रामीण अपने बच्चों के घरों से बाहर निकलने में डर रहे हैं। सीसीटीवी फुटेज में रात के समय सड़क पर चल रहे दो युवकों का भालू से सामना होता देखा जा रहा है। यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। भालू के लगातार गांव की आबादी क्षेत्र में आने से लोगों में दशहत फैल गई है। उन्हें सुरक्षा का खतरा बना हुआ है। इसकी शिकायत वन विभाग से की गई है, जिसके बाद से वनकर्मी खदरी व आसपास के गांवों से सटे जंगलों में भालू की तलाश में जुटे हैं। समाजसेवी शांति प्रसाद की मानें तो पहले किसी ने भालू को इस तरह आबादी में घूमते नहीं देखा है।
भालू को ट्रैंककुलाइज करने की तैयारी
वन विभाग की ऋषिकेश रेंज के वनकर्मी दिन में खदरी खड़कमाफ और आसपास के गांवों से सटे जंगल में भालू की तलाश कर रहे हैं। रात में वह गांवों में गश्त कर रहे हैं। वनकर्मियों की अलग-अलग टीमें खदरी, ठाकुरपुर, खैरीखुर्द और श्यामपुर क्षेत्र में नियमित रूप से रात्रि गश्त में जुटी है। भालू को ट्रैंककुलाइज करने के लिए भी अनुमति को लेकर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
ऋषिकेश के रेंजर जीएस धमांदा ने बताया कि 31 दिसंबर की रात्रि दस बजे के आसपास भालू गांव की गली में धमका है। भालू ने दो युवकों के पीछे भी दौड़ लगाई। लेकिन वहां कुत्तों के भालू पर भौंकने के कारण भालू रुक गया। क्षेत्र वनकर्मियों की गश्त बढ़ा दी गई है। भालू को ट्रैंककुलाइज करने और पिंजरे में कैद करने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।

लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




