विकासनगर थाने का पूरा स्टाफ बदलें, उत्तराखंड हाईकोर्ट ने DGP को क्यों दिया यह आदेश
अवैध खनन रोकने गए वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ के तबादले का आदेश दिया है। साथ ही केस दर्ज करने वाले अधिकारी को सस्पेंड करने के निर्देश भी दिए हैं।

अवैध खनन रोकने गए वन विभाग के एसडीओ राजीव नयन नौटियाल के खिलाफ दर्ज एफआईआर के मामले में उत्तराखंड हाईकोर्ट ने विकासनगर कोतवाली के पूरे स्टाफ के तबादले का आदेश दिया है। साथ ही केस दर्ज करने वाले अधिकारी को सस्पेंड करने के निर्देश भी दिए हैं।
जस्टिस राकेश थपलियाल की बेंच ने शुक्रवार को हुई सुनवाई में कोर्ट ने पुलिस महानिदेशक और एसएसपी देहरादून को आदेश का पालन सुनिश्चित करने को कहा। सिंगल जज बेंच ने एसएचओ से भी स्पष्टीकरण मांगा है। हाईकोर्ट ने कहा कि खनन कारोबारी मनीष चौहान की शिकायत के बाद नौटियाल पर रात 12:15 बजे केस दर्ज हुआ। कोर्ट ने पूछा कि यहां वास्तव में क्या हो रहा है? आप अपने ही अधिकारी की सुरक्षा नहीं कर पा रहे हैं।
अदालत ने यह भी निर्देश दिया कि एसडीओ को गिरफ्तार न किया जाए। सुनवाई के दौरान अदालत को एक वीडियो भी दिखाया गया, जिसमें कथित खनन माफिया के लोग वन अधिकारी के साथ दुर्व्यवहार करते नजर आ रहे हैं। हाईकोर्ट ने इस मामले की अगली सुनवाई सोमवार को तय की है।
अवैध खनन का ऑडियो वायरल, पूरी चौकी सस्पेंड
वहीं, अवैध खनन से जुड़े एक कथित ऑडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद हरिद्वार एसएसपी ने शुक्रवार को झबरेड़ा की इकबालपुर चौकी के प्रभारी समेत पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया है। वायरल ऑडियो में कथित रूप से अवैध खनन से जुड़े लेन-देन और चौकी प्रभारी से संपर्क की बातचीत सामने आई थी। हालांकि, हिन्दुस्तान इस ऑडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता। मामला सामने आने के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने हर पहलुओं की गंभीरता से जांच करने के सख्त निर्देश दिए थे।
एसपी देहात को सौंपी गई जांच
एसएसपी भुल्लर ने प्राथमिक जांच के आधार पर इकबालपुर चौकी प्रभारी नवीन चौहान, हेड कांस्टेबल वीरेंद्र शर्मा, कांस्टेबल हरेंद्र, विपिन कुमार, देवेश सिंह और प्रदीप सहित पूरे स्टाफ को निलंबित कर दिया। इस कार्रवाई के बाद पुलिस महकमे में हलचल मच गई है।एसएसपी ने कहा कि पुलिस की छवि को किसी भी सूरत में धूमिल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने चेताया कि दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस पूरे मामले की विस्तृत जांच एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल को सौंपी गई है।
लेखक के बारे में
Praveen Sharmaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


