दुष्प्रचार के लिए जनता से माफी मांगे विपक्ष...उर्मिला सनावर के ऑडियो पर CM धामी का पलटवार
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नए ऑडियो का हवाला देते हुए विपक्ष पर अंकिता हत्याकांड में दुष्प्रचार करने का आरोप लगाया है, साथ ही डोभ नर्सिंग कॉलेज का नाम अब अंकिता भंडारी के नाम पर रखने का आदेश दिया।

पूर्व विधायक सुरेश राठौर और अभिनेत्री उर्मिला सनावर की बातचीत का नया ऑडियो सामने आने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को विपक्ष पर पलटवार किया है। धामी ने कहा कि राठौर-उर्मिला के ऑडियो को आधार बनाकर आंदोलित विपक्ष अब क्यों चुप है। अंकिता हत्याकांड को लेकर दुष्प्रचार करने के लिए विपक्ष को जनता से माफी मांगनी चाहिए।
पूरे प्रदेश में फैली अराजकता
राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय में गुरुवार सुबह मीडिया कर्मियों से बातचीत में धामी ने कहा कि राजनीतिक और सामाजिक संगठनों को समाज के प्रति जिम्मेदारी का अहसास होना चाहिए। उर्मिला-राठौर के पहले आए ऑडियो के आधार पर कुछ लोगों ने पूरे प्रदेश में 15 दिन अराजकता, अस्थिरता का माहौल पैदा किया। दुष्प्रचार करते हुए राज्य के भोले-भाले लोगों को भड़काने में कोई कसर नहीं छोड़ी। इस अराजकता की वजह से विकास कार्यों में भी अवरोध पैदा हुआ।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विपक्ष को अब उन्हीं लोगों के नए ऑडियो के आधार पर सत्य को स्वीकारते हुए जनता से माफी नहीं माफी चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल क्षणिक लाभ के लिए कुछ लोगों ने बेटी अंकिता भंडारी पर भी राजनीति करने में कोई कसर नहीं छोड़ी।
परिवार के साथ खड़ी है सरकार
एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि दुष्प्रचार के मामले में दिल्ली हाईकोर्ट का आदेश आ चुका है। पुलिस भी कार्रवाई कर रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार अंकिता के माता-पिता के साथ खड़ी है। बुधवार को हुई वार्ता में उन्होंने अपनी जो भावना रखी है, उसी के अनुसार आगे कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार विधिक पहलुओं का अध्ययन कर रही है।
अंकिता के नाम से जाना जाएगा डोभ नर्सिंग कॉलेज
पौड़ी के राजकीय नर्सिंग कॉलेज डोभ (श्रीकोट) को अब स्वर्गीय अंकिता भंडारी के नाम से जाना जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर गुरुवार को स्वास्थ्य सचिव डॉ. आर राजेश कुमार ने इसके आदेश किए। मालूम हो कि बीते रोज अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने मुख्यमंत्री धामी से उनके आवास पर मुलाकात की थी। मुख्यमंत्री के साथ वार्ता के दौरान यह विषय भी आया था।
सीबीआई जांच पर जल्द निर्णय होने की उम्मीद
अंकिता भंडारी हत्याकांड की सीबीआई जांच के लिए सरकार सभी पहलुओं का अध्ययन कर रही है। बीते रोज मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान अंकिता के माता-पिता ने इस प्रकरण में वीआईपी की भूमिका समेत विभिन्न पहलुओं की चर्चा की थी। उन्होंने सीबीआई जांच की मांग की है। सूत्रों के अनुसार शासन के उच्च अधिकारी इस पूरे प्रकरण का अध्ययन कर रहे हैं। उम्मीद की जा रही है कि मुख्यमंत्री इस विषय में जल्द निर्णय कर सकते हैं।
ऑडियो में भाजपा नेताओं के विरुद्ध बोलने का दबाव
उर्मिला ने सोशल मीडिया पर राठौर का एक ऑडियो जारी किया था। इससे राज्य में राजनीतिक भूचाल आ गया था। इसमें राठौर भाजपा के एक राष्ट्रीय नेता को अंकिता हत्याकांड का संदिग्ध वीआईपी बता रहे थे। इसके बाद सीबीआई जांच की मांग को लेकर कांग्रेस मैदान में उतर गई थी। अब एक नया ऑडियो वायरल हो रहा है। इसमें राठौर को उर्मिला पर भाजपा के वरिष्ठ नेता के खिलाफ बोलने के लिए दबाव बनाते सुना जा रहा है। हालांकि, 'हिन्दुस्तान' किसी भी ऑडियो की प्रमाणिकता की पुष्टि नहीं करता।
लेखक के बारे में
Anubhav Shakyaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


