शुद्धिकरण पर टकराव बढ़ा: नितिन नवीन आ रहे हल्द्वानी, खरगे की चिट्ठी और हाई कोर्ट में याचिका
Haldwani Purification Row: शुद्धिकरण पर भाजपा और कांग्रेस में टकराव बढ़ता दिखाई दे रहा है। नितिन नवीन 9 सितंबर को हल्द्वानी आ रहे हैं। उधर, खरगे की चिट्ठी और हाई कोर्ट में जनहित याचिका डाली गई है।

Haldwani Purification Row: उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली स्थल पर कथित शुद्धिकरण को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। अब खबर है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन 9 सितंबर को हल्द्वानी आ रहे हैं। उनके दौरे को लेकर एक बार फिर कांग्रेस-भाजपा के बीच टकराव की अटकलें हैं। उधर, राहुल गांधी के खिलाफ हल्द्वानी में दर्ज मुकदमे के बाद कांग्रेस आर-पार की लड़ाई के मूड में है। बीते दिन कांग्रेस अध्यक्ष ने खुद राज्यसभा में सदन के नेता और वरिष्ठ भाजपा नेता जेपी नड्डा को पत्र लिखकर शुद्धिकरण करने वालों के खिलाफ मुकदमे की मांग की थी। मामला हाई कोर्ट भी पहुंच गया है।
भाजपा की चुनावी तैयारियों को परखने को राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन नौ सितंबर को हल्द्वानी पहुंच रहे हैं। यहां वे भाजपा प्रदेश कार्यसमिति बैठक में शामिल होंगे। इसके साथ ही पूर्व सैनिक और सिख सम्मेलन में भी हिस्सा लेंगे।
चुनावी तैयारियों के लिए बताया जा रहा दौरा
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि 2027 में जीत की हैट्रिक लगाई जाएगी। इसके लिए तैयार की जा रही चुनावी रणनीति बनाने में राष्ट्रीय अध्यक्ष का मार्गदर्शन निर्णायक रहेगा। इन्हीं तैयारियों को प्रदेश कार्यसमिति में अंतिम रूप दिया जाएगा। राष्ट्रीय अध्यक्ष हल्द्वानी में दो दिवसीय प्रवास पर पहुंच पहले प्रदेश कार्यसमिति में भाग लेंगे। इसके बाद प्रदेश पदाधिकारियों की बैठक लेंगे।
हाई कोर्ट में जनहित याचिका
हल्द्वानी के रामलीला मैदान में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की जनसभा के बाद सामने आया मैदान के कथित शुद्धीकरण का मामला हाईकोर्ट पहुंच गया है। दून निवासी सामाजिक कार्यकर्ता बैजनाथ ने हाईकोर्ट में जनहित याचिका दायर की। मामले में सात को सुनवाई होने की संभावना है।
याचिका में कहा गया है कि खरगे की सभा के बाद सार्वजनिक रूप से वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गंगाजल छिड़ककर शुद्धीकरण किए जाने से समाज में वैमनस्यता फैलने की आशंका बढ़ गई है। इस घटनाक्रम को लेकर विभिन्न पक्षों की ओर से अलग-अलग बयानबाजी सामने आई थी, कांग्रेस पार्टी ने इस मुद्दे पर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा था। याचिकाकर्ता ने अदालत से मांग की है कि घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों, जैसे कि वीडियो रिकॉर्डिंग और सीसीटीवी फुटेज को संरक्षित एवं सुरक्षित रखने के निर्देश जारी किए जाएं।
खरगे का केंद्रीय मंत्री नड्डा को पत्र
उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की रैली के बाद सभास्थल के शुद्धीकरण को लेकर राजनीतिक विवाद बढ़ता जा रहा है। इस मुद्दे पर खरगे ने राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा को पत्र लिख कर शुद्धीकरण करने वालों के खिलाफ अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं होने पर नाराजगी जताई है।
उन्होंने जेपी नड्डा से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी को आवश्यक निर्देश देने की मांग करते हुए कहा कि इस घटना में शामिल लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाए।
24 दिन बाद भी कार्रवाई न होने से नाराजगी
खरगे ने दो सितंबर को केंद्रीय मंत्री को हिन्दी में लिखे अपने दो पेज के पत्र में इस बात पर नाराजगी जताई है कि 24 दिन बाद भी मामले में अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। खरगे ने कहा कि यह मामला करोड़ों लोगों की भावनाओं से जुड़ा है, जो इस क्रूर वास्तविकता से प्रतिदिन रूबरू होते हैं। शुद्धीकरण की प्रक्रिया को छुआछूत से जोड़ते हुए उन्होंने 1927 के महाड आंदोलन की एक घटना का जिक्र किया।
कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार की चुप्पी पर उठाए सवाल
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने शुद्धीकरण के मुद्दे पर केंद्र सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री की चुप्पी पर सवाल उठाए हैं। खरगे ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि देश में जो भी अहम मुद्दे होते हैं, प्रधानमंत्री उन पर नहीं बोलते। पीएम और गृहमंत्री राम मंदिर में चढ़ावा चोरी, दलित और महिलाओं के अत्याचार पर कुछ नहीं बोलते हैं।

