काम की बात: दिवाली से पहले उत्तराखंड में बिजली संकट; इन इलाकों में 30 अक्तूबर तक बत्ती गुल
उत्तराखंड के हल्द्वानी में दिवाली से पहले 16 दिन बिजली कटौती होगी। बिजली विभाग कई इलाकों में 30 अक्तूबर तक बिजली कटौती करेगा। इलाकों की लिस्ट देखें।

दीपावली पर शहर को जगमग रखने की तैयारी के बीच उपभोक्ताओं को आज बुधवार से बिजली कटौती का सामना करना पड़ेगा। ऊर्जा निगम ने लाइनों और फीडरों के रखरखाव के लिए 14 से 30 अक्तूबर तक का रोस्टर जारी किया है। इसके तहत अलग-अलग क्षेत्रों में सुबह नौ से दोपहर दो बजे तक बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। त्योहार से पहले बाजारों में बढ़ती रौनक और घरों में चल रही तैयारियों के बीच कटौती लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
ऊर्जा निगम के अनुसार दीवाली के दौरान बेहतर बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए बिजलीघरों से जुड़े फीडरों और लाइनों का मेंटेनेंस किया जाएगा। रोस्टर के अनुसार 14 अक्तूबर को राजपुरा और तिकोनिया फीडर से जुड़े क्षेत्रों में कटौती होगी। अधिशासी अभियंता प्रदीप कुमार ने बताया कि उपभोक्ताओं को कटौती की पूर्व सूचना दी जा रही है। निर्धारित समय से अधिक समय तक कटौती होने या फिर किसी भी प्रकार की विद्युत संबंधी समस्या पर उपभोक्ता टोल फ्री हेल्लाइन नंबर 1912 नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
क्षेत्रवार कटौती का चार्ट
14 अक्तूबर को राजपुरा, तिकोनिया
15 अक्तूबर को बरेली-रामपुर और नैनीताल-कालाढूंगी रोड और गांधी नगर
16 अक्तूबर को सेंट पॉल, दानीबंगर
17 अक्तूबर को तिकोनिया, गौलापार
19 अक्तूबर को धान मिल, मंडी
21 अक्तूबर को गायत्रीनगर,कालाढूंगी
22 अक्तूबर को कालाढूंगी और नया आवास विकास
23 अक्तूबर को एमईएस,कॉलटैक्स, दोनहरिया, हाइडिल
24 अक्तूबर को नलकूप, दानीबंगर, कालीचौड़, स्टेडियम
30 अक्तूबर को धान मिल, मंडी
वनभूलपुरा में 3 करोड़ खर्च कर रुकेगी बिजली चोरी
वनभूलपुरा में बिजली चोरी रोकने के लिए तीन करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। ऊर्जा निगम पोल से मीटर तक आर्मर्ड केबल लगाएगा। करीब 350 किमी लंबी केबल का इस्तेमाल होगा।
बीते सोमवार को क्षेत्र में ऊर्जा निगम की सात टीमों ने जांच अभियान चलाया। 108 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई। पोल से घर तक लगी लाइन को काटकर और मीटरों से छेड़छाड़ कर बिजली की चोरी की जा रही थी। इससे निपटने के लिए अब आर्मर्ड केबल तकनीक अपनाई जा रही है। इसके लिए सभी कनेक्शन में पोल से मीटर तक आर्मर्ड केबल लगाई जाएगी। अधिकारियों ने बताया, आर्मर्ड केबल में लोहे का आवरण लगा होता है। यदि कोई व्यक्ति इसमें कट लगाकर बिजली चोरी करने की कोशिश करेगा तो इसमें आग लग जाएगी और शॉर्ट सर्किट होगा। इसकी सूचना तुरंत विभाग को मिल जाएगी। क्षेत्र में हर घर के बाहर स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। ईई प्रदीप कुमार ने बताया, आर्मर्ड केबल लगाने के लिए टेंडर प्रक्रिया कर ली गई है।


