पीएम मोदी के जन्मदिन का तोहफा; UPI शुल्क पर कांग्रेस बरसी तो व्यापारी संगठनों ने चेतावनी दी
यूपीआई शुल्क को लेकर व्यापारियों में गुस्सा है। त्योहार से ऐन पहले शुल्क संबंधी ऐलान को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी है। उधर, कांग्रेस ने तंज कसा कि यह पीएम मोदी के जन्मदिन का जनता को तोहफा है।

यूपीआई लेन-देन पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट शुल्क लगाने के फैसले से देशभर में व्यापारी नाराज हैं। उनका कहना है कि इसका सीधा असर उनके कारोबार और अंततः ग्राहकों पर पड़ेगा। उन्होंने कहा कि एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया को बढ़ावा दे रही है, दूसरी ओर ऐसे नियमों से व्यापार और ग्राहक दोनों पर मार पड़ेगी। देहरादून उद्योग व्यापार मंडल समेत प्रमुख व्यापारी संगठनों ने सरकार से फैसला वापस लेने की मांग करते हुए कहा कि शुल्क लागू किया गया तो आंदोलन से पीछे नहीं हटेंगे। उधर, कांग्रेस ने तंज कसते हुए इसे पीएम मोदी के जन्मदिन का जनता को तोहफा बताया।
इस बीच यूपीआई से लेनदेन पर लगाए गए शुल्क का कांग्रेस ने तीखा विरोध किया। प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि केंद्र सरकार ने ऐसा कर आम जनता को प्रधानमंत्री के जन्मदिन का तोहफा दिया है।
आम जनता पर असर पड़ेगा
कांग्रेस भवन में मीडिया से बातचीत में गोदियाल ने कहा कि यूपीआई पर शुल्क का सीधा असर आम जनता पर पड़ेगा। ऐसा कर केंद्र ने साफ कर दिया है कि उसका जनता से सरोकार नहीं है। उन्होंने सवाल उठाया कि यूपीआई पर शुल्क का जिक्र बजट में क्यों नहीं किया गया। सरकार एक के बाद एक जनता पर बोझ डाल रही है। हर चीज जनता की पहुंच से दूर हो रही है। गोदियाल बोले, मर्चेंट डिस्काउंट रेट' (एमडीआर) पर तत्काल रोक लगाई जाए।
व्यापारियों की प्रतिक्रिया
दून उद्योग व्यापार मंडल के महासचिव सुनील मैसोन का कहना है कि एक तरफ सरकार डिजिटल इंडिया को बढ़ावा देने की बात करती है, दूसरी तरफ व्यापारियों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है। व्यापारी पहले ही इनकम टैक्स और जीएसटी दे रहा है। कोई भी व्यापारी अपनी जेब से भुगतान नहीं करेगा, जिससे अंततः सामान के दाम बढ़ेंगे और लोग कैश में लेनदेन को मजबूर होंगे। सरकार को यूपीआई लेनदेन पर सब्सिडी देनी चाहिए थी, न कि शुल्क लगाना चाहिए। व्यापारी वर्ग इस निर्णय का कड़ा विरोध करता है।
व्यापारी को इतने रुपये देने होंगे
व्यापारियों को ट्रांजेक्शन राशि के हिसाब से शुल्क देना होगा। 2,000 रुपये तक के ट्रांजेक्शन पर कोई शुल्क नहीं लगेगा। 3,000 रुपये के ट्रांजेक्शन पर 0.40 फीसदी यानी 12 रुपये, 50,000 रुपये पर 0.40 फीसदी यानी 200 रुपये और 7.50 लाख रुपये के ट्रांजेक्शन पर 300 रुपये शुल्क देना होगा। 7.50 लाख रुपये से अधिक के ट्रांजेक्शन पर भी 300 रुपये शुल्क निर्धारित है।
त्योहारों से पहले नियमों से व्यापारियों में नाराजगी
देहरादून कपड़ा कमेटी के प्रधान प्रवीण कुमार जैन का कहना है कि त्योहारों के ऐन वक्त पर व्यापारियों पर इस तरह के नियम थोपे जा रहे हैं, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। फेस्टिव सीजन व्यापार की भरपाई का समय होता है, लेकिन ऐसे फैसलों से बाजार का माहौल खराब होगा और ग्राहकों व व्यापारियों दोनों पर विपरीत असर पड़ेगा। कपड़ा कमेटी सरकार के इस नियम का पुरजोर विरोध करती है और इसे तत्काल वापस लेने की मांग के लिए होने वाले आंदोलन में शामिल होगी।
यूपीआई के बाद दून में 110 एटीएम बंद
देहरादून,व.सं.। डिजिटल इंडिया और यूपीआई के बढ़ते इस्तेमाल ने देहरादून जिले में बैंकिंग प्राथमिकताओं को बदल दिया है। बीते दो साल के दौरान जिले में कैश निकासी में करीब 30 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई है। इसका सीधा असर बैंक के एटीएम नेटवर्क पर पड़ा है और इस दौरान जिले में 110 एटीएम स्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं।
वर्तमान में जिले में 27 प्रमुख बैंकों की 670 शाखाएं संचालित हैं, जिनके अधीन अब केवल 650 एटीएम ही चल रहे हैं। बैंकों ने अब नए एटीएम लगाना भी लगभग बंद कर दिया है। कुछ बैंकों ने एटीएम से सिक्योरिटी गार्ड तक हटा दिए हैं। लीड बैंक अधिकारी संजय भटिया ने बताया कि यूपीआई के व्यापक इस्तेमाल के कारण लोगों ने कैश का उपयोग बेहद कम कर दिया है, जिससे एटीएम पर निर्भरता घटी है। छोटे रेहड़ी-पटरी वालों से लेकर बड़े शोरूम तक हर जगह यूपीआई क्यूआर कोड से भुगतान हो रहा है।
एमडीआर शुल्क से फिर बढ़ सकता है कैश का चलन
दूसरी ओर, अब दो हजार रुपये से अधिक के यूपीआई लेन-देन पर एमडीआर यानी शुल्क लगाने की चर्चाओं से समीकरण फिर बदलते दिख रहे हैं। व्यापारी इस शुल्क का कड़ा विरोध कर रहे हैं। यदि यह व्यवस्था लागू होती है, तो व्यापारी डिजिटल पेमेंट की जगह फिर से कैश लेनदेन को प्राथमिकता दे सकते हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में एक बार फिर एटीएम से कैश निकासी बढ़ सकती है।

