Pithoragarh News: 25 सिंतबर को सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे मिनिस्टीरियल कर्मचारी
Pithoragarh News: उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन ने लंबित मांगों को लेकर आंदोलन तेज करने की घोषणा की है। 25 सितंबर को जिलेभर के कार्मिक सामूहिक हड़ताल पर रहेंगे। मांगों में पुनर्गठन, पदोन्नति, स्थानांतरण में सुधार और पुरानी पेंशन बहाली शामिल हैं।

Pithoragarh News: संतोष आर्यन, पिथौरागढ़। लंबित मांगों को लेकर उत्तरांचल फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विसेज एसोसिएशन ने आंदोलन तेज करने का ऐलान किया है। गुरुवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय परिसर में गेट मीटिंग कर कर्मचारियों ने सरकार व शासन से 12 सूत्रीय मांगों पर कार्रवाई की मांग की। इस दौरान 25 सितंबर को जिलेभर के मिनिस्टीरियल कार्मिकों के सामूहिक हड़ताल पर रहने का निर्णय लिया गया। कुमाऊं मंडल प्रांतीय उपाध्यक्ष सुरेंद्र सिंह सौन और संयुक्त मंत्री सौरभ चंद ने कहा कि मांगों के समाधान के लिए कर्मचारियों को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा। गेट मीटिंग में मिनिस्टीरियल पदों के पुनर्गठन, पदोन्नति के पर्याप्त अवसर, पृथक सेवा नियमावली, स्थानांतरण व्यवस्था में सुधार, पुरानी पेंशन बहाली और गोल्डन कार्ड की विसंगतियां दूर करने समेत 12 मांगें प्रमुखता से उठाई।
चंपावत जनपद के जिला सचिव जीवन चंद्र ओली ने भी सभा को संबोधित करते हुए संगठन की एकजुटता बनाए रखने और आगामी आंदोलनात्मक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की। इस दौरान जिलाध्यक्ष विजेंद्र लुंठी, महामंत्री देवराज कन्याल, प्रहलाद सिंह, शंकर पंत, मनोज चंद, जतिन मैथ्यू, प्रेम सिंह मेहता, कवीन्द्र सिंह वाल्दिया, पारस कापड़ी, स्तुति कुंवर, लता मर्तोलिया, अभिषेक कुमार, हरीश मखौलिया, सुनील लोहिया, पंकज खोलिया सहित अन्य कर्मी मौजूद रहे।


