ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड पिथौरागढ़पिथौरागढ़ में पीआरडी जवानों ने निकाली आक्रोश रैली

पिथौरागढ़ में पीआरडी जवानों ने निकाली आक्रोश रैली

पीआरडी जवानों ने प्रमोशन, भत्ता व मानदेय वृद्धि की मांग पर सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली व प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा पीआरडी का गठन 1947 में...

पिथौरागढ़ में पीआरडी जवानों ने निकाली आक्रोश रैली
हिन्दुस्तान टीम,पिथौरागढ़Wed, 01 Dec 2021 04:50 PM
ऐप पर पढ़ें

पीआरडी जवानों ने प्रमोशन, भत्ता व मानदेय वृद्धि की मांग पर सरकार के खिलाफ आक्रोश रैली निकाली व प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा पीआरडी का गठन 1947 में हुआ था। तब से आज तक प्रांतीय रक्षक दल को पूर्ण रक्षक दल का दर्जा नहीं दिया गया है। पीआरडी जवान प्रदेश में शांति सुरक्षा कार्यों के साथ ही अन्य कार्यों को भी पूरी जिम्मेदारी से अंजाम तक पहुंचा रहे हैं। लेकिन सरकार लगातार उनकी अनदेखी कर रही है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

बुधवार को पीआरडी संगठन की जिलाध्यक्ष दीपा सामंत व प्रदेश प्रवक्ता राजेंद्र दिगारी के नेतृत्व में जिले भर के जवान जिला मुख्यालय पहुंचे और नगर में विशाल रैली निकाली। इस दौरान उन्होंने कलक्ट्रेट पहुंचकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा देश में शांति व्यवस्था के लिए वर्ष 1947 में नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने पीआरडी का गठन किया। तब से आज तक पीआरडी को पूर्ण रक्षक दल का दर्जा नहीं मिला है। जबकि एक्ट के तहत पीआरडी का पूर ढांचा तैयार है। पीआरडी जवान प्रदेश में शांति व्यवस्था के साथ ही अन्य दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन कर रहे हैं। निर्वाचन हो या कोरोना महामारी, उन्होंने जिम्मेदारी से अपना फर्ज निभाया है। लेकिन सरकार उनकी अनदेखी कर रही है। न तो उन्हें अवकाश मिलता है और ना ही बीमा, बोनस व अन्य भत्तों का लाभ दिया जा रहा है। कई बार मानदेय बढ़ोतरी की मांग के बाद भी उनकी बातें नहीं सुनी जा रहीं। कहा अब वे अपने हक लेकर रहेंगे। इस दौरान जवानों ने सरकार के खिलाफ जमकर नारे लगाए। चेतावनी देते हुए कहा शीघ्र उनकी मांग पूरी नहीं हुई तो वे काम पर वापस नहीं लौटेंगे। इस मौके पर गुड्डी धामी, पवन, कैलाश सहित कई लोग शामिल रहे।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें