ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तराखंड पिथौरागढ़पहाड़ी और मैदानी इलाकों में पांच दिन पहले पहुंचा मानसून

पहाड़ी और मैदानी इलाकों में पांच दिन पहले पहुंचा मानसून

पहाड़ी इलाकों में मानसून पहुंचने के बाद मैदानी इलाकों में भी मानसून तय समय से 5 दिन पूर्व पहुंच गया है। इसी के चलते विगत रात्रि से मैदानी इलाकों में...

पहाड़ी और मैदानी इलाकों में पांच दिन पहले पहुंचा मानसून
हिन्दुस्तान टीम,रुद्रपुरFri, 18 Jun 2021 07:51 PM
ऐप पर पढ़ें

पहाड़ी इलाकों में मानसून पहुंचने के बाद मैदानी इलाकों में भी मानसून तय समय से पांच दिन पूर्व पहुंच गया है। इसी के चलते विगत रात्रि से मैदानी इलाकों में बारिश शुरू हो गई थी। शुक्रवार दोपहर दो बजे तक ऊधमसिंह नगर जिले में 22.2 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले तीन दिन तक पहाड़ों में भारी बारिश और मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना जताई है।

जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहाड़ी इलाकों में मानसून पहले ही पहुंच चुका था। अब मानसून ने मैदानी इलाकों में भी अपनी दस्तक दे दी है। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार पहले मानसून के 25 जून तक आने की संभावना थी, लेकिन बंगाल की खाड़ी में कम दबाव होने और तेज हवाओं के कारण मानसून अपने तय समय से पांच दिन पहले पहुंच गया है। इसी कारण विगत रात्रि से मैदानी इलाकों में बारिश होनी शुरू हो गई है। उनके अगले तीन दिन पहाड़ों में भारी बारिश होने की संभावना है, जबकि मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश का अनुमान है। अगले तीन दिनों में पहाड़ों में 60, 50 और 20 एमएम तक बारिश होगी, जबकि मैदानी इलाकों में 35, 20 और 15 एमएम तक बारिश होगी। उन्होंने बताया कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 27.5 और न्यूनतम तापमान 21.9 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा मौसम में नमी की मात्रा 84 फीसदी तक रही।

बारिश से धान को फायदा, सब्जी और दलहन को नुकसान

रुद्रपुर। जीबी पंत विश्वविद्यालय के मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार बारिश से धान की फसल को काफी फायदा मिलेगा, जबकि सब्जी और दलहन की फसल को बारिश से नुकसान होगा। उन्होंने काश्तकारों से खेतों में पानी निकासी की उचित व्यवस्था करने की अपील की है। ताकि सब्जी और दलहन की खेती को बचाया जा सके।

इनसेट कोट-

पहाड़ों के साथ ही अब मैदानी इलाकों में भी मानसून ने दस्तक दे दी है। आने वाले तीन दिनों में पहाड़ों में भारी बारिश और मैदानी इलाकों में मध्यम बारिश होने की संभावना है।

-डॉ. आरके सिंह, मौसम वैज्ञानिक, जीबी पंत विश्वविद्यालय

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें