पिथौरागढ़ में भारत-नेपाल का संयुक्त सैन्य युद्धाभ्यास सूर्य किरण 13 शुरू
भारत नेपाल के बीच द्विपक्षीय वार्षिक सैन्य अभ्यास सूर्य किरण 13 यहां सेना क्षेत्र में शुरू हो गया है। दोनों देशों के सैनिकों ने भव्य मार्चपास्ट के साथ युद्धाभ्सास का आगाज...
भारत नेपाल के बीच द्विपक्षीय वार्षिक सैन्य अभ्यास सूर्य किरण 13 यहां सेना क्षेत्र में शुरू हो गया है। दोनों देशों के सैनिकों ने भव्य मार्चपास्ट के साथ युद्धाभ्सास का आगाज किया। बुधवार को सैन्य छावनी स्थित भड़कटिया के मैदान में भारत नेपाल के सैनिकों के संयुक्त युद्धाभ्यास का शुभारंभ 119स्वतंत्र ब्रिगेड के ब्रिगेडियर रंजन मलिक ने किया।उन्होंने इस दौरान कहा कि नेपाल हमारा मित्र राष्ट्र है। उसके साथ बेहतर सैन्य रिश्ते के साथ ही सैन्य क्षेत्र में आपसी समन्वय बनाये रखने एवं दैवीय आपदा के समय एक दूसरे की मदद किये जाने के लिए सूर्य किरण का हर साल आयोजन किया जाता है। उन्होंने कहा यह युद्धाभ्यास दोनों देशों के जवानों में युद्धकौशल के साथ आपसी बंधुत्व भाव को कायम करेगा। ब्रिगेडियर मलिक ने कहा युद्धाभ्यास में सैनिकों को अनुशासन के साथ भाग लेना होगा। युद्धाभ्यास के लिए संयुक्त मैत्री द्वार बनाया गया। जिसमें एक तरफ भारत और दूसरी तरफ नेपाल के ध्वज को लगाया गया है। इस युद्धाभ्यास में दोनों देशों के 300-300 सैनिक प्रतिभाग कर रहे हैं। युद्धाभ्यास 12 जून को समाप्त होगा।