धारचूला में भारत-चीन व्यापार के लिए ट्रेड कार्यालय खुला

Newswrap हिन्दुस्तान, पिथौरागढ़
share

धारचूला में भारत-चीन सीमा व्यापार छह वर्षों के बाद फिर से शुरू होने जा रहा है। विदेश मंत्रालय ने 300 ट्रेड पास जिला प्रशासन को दिए हैं। ट्रेड कार्यालय का उद्घाटन किया गया और 20 व्यापारियों ने आवेदन जमा किए। व्यापार के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।

धारचूला में भारत-चीन व्यापार के लिए ट्रेड कार्यालय खुला

धारचूला, संवाददाता। छह वर्षों के लंबे अंतराल के बाद भारत-चीन सीमा व्यापार दोबारा शुरू होने जा रहा है। विदेश मंत्रालय की ओर से इस व्यापार के लिए 300 ट्रेड पास जिला प्रशासन को मिल चुके हैं। पिथौरागढ़ के जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने बताया कि इसी हफ्ते से इस ऐतिहासिक व्यापार की शुरुआत हो जाएगी। कोरोना काल और गलवान घाटी गतिरोध के बाद से दोनों देशों के बीच यह सीमा व्यापार पूरी तरह ठप था, जो अब इतने वर्षों बाद फिर से बहाल हो रहा है। सोमवार को ट्रेड अधिकारी व उपजिलाधिकारी आशीष जोशी ने रिबन काटकर अस्थायी ट्रेड कार्यालय का विधिवत उद्घाटन किया। व्यापार संचालन प्रक्रिया के पहले ही दिन 20 व्यापारियों ने अपने आवेदन जमा कराए। ट्रेड अधिकारी जोशी ने व्यापारियों के साथ बैठक कर व्यापार से संबंधित आवश्यक जानकारियां साझा कीं और समस्त व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान ‘भारत-चीन व्यापार समिति’ के अध्यक्ष जीवन रोंकली ने शासन-प्रशासन से भारतीय व्यापारियों के साथ नेपाली हेल्पर्स (सहायकों) को भी चीन के तकलाकोट मंडी तक ले जाने की अनुमति देने की मांग रखी। वहीं, समिति के महासचिव दौलत रायपा ने वर्षों बाद व्यापार शुरू होने पर खुशी जाहिर करते हुए केंद्र एवं राज्य सरकार का आभार व्यक्त किया। एसडीएम आशीष जोशी ने जानकारी दी कि व्यापारियों से प्राप्त आवेदनों का गहन सत्यापन किया जाएगा, जिसके बाद ही पात्र व्यापारियों को अंतिम अनुमति और ट्रेड पास जारी किए जाएंगे। उन्होंने आश्वस्त किया कि प्रशासन की ओर से व्यापार के सुचारू संचालन के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। यहां तहसीलदार दमन शेखर राणा, रुकुम बिष्ट, महीराज गर्बयाल, अरविंद रोंकली, शंकर गुंज्याल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, अर्चना गुंज्याल, बिशन गर्बयाल, चक्कर गर्बयाल, खीमानंद भट्ट और देविदत्त उपाध्याय आदि मौजूद रहे।

बोले डीएम-

भारत-चीन व्यापार को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी है, इसको लेकर विदेश मंत्रालय की ओर से पास भी मिल चुके हैं। ट्रेडर्स को पास उपलब्ध कराने का काम किया जा रहा है, इस हफ्ते से व्यापार शुरू होगा।

- आशीष कुमार भटगांई, डीएम पिथौरागढ़

सोमवार को धारचूला में भारत-चीन व्यापार को लेकर ट्रेड कार्यालय का शुभारंभ हुआ।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

भारत-चीन सीमा व्यापार कब से शुरू होगा?
भारत-चीन सीमा व्यापार इसी हफ्ते से शुरू होगा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।