Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़peepal padav forest mafia cut 14 teak trees challenge forest department
जंगल माफिया ने हरे पेड़ काट ठूंठ पर लिखा ‘ये ट्रेलर है, वन विभाग को दी खुली चुनौती

जंगल माफिया ने हरे पेड़ काट ठूंठ पर लिखा ‘ये ट्रेलर है, वन विभाग को दी खुली चुनौती

संक्षेप:

पीपल पड़ाव रेंज में वन माफिया ने बुधवार रात 14 सागौन के हरे पेड़ काटकर वन विभाग की टीम पर हवाई फायरिंग की और मौके पर 'अभी तो यह ट्रेलर है' लिखकर प्रशासन को बड़ी चुनौती दे गए, जिसके बाद 3 नामजद समेत 15 लोगों पर FIR दर्ज की गई है।

Sat, 27 Sep 2025 07:48 AMAnubhav Shakya लाइव हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

उत्तराखंड के पीपल पड़ाव रेंज में वन माफिया ने बुधवार रात सागौन के 14 हरे पेड़ काट डाले। मौके पर पंहुची वन विभाग की टीम पर हवाई फायरिंग करते हुए आरोपी फरार हो गए। वहीं जाने से पहले पेड़ के कटे ठूंठ पर अभी तो यह ट्रेलर है लिखकर आरोपी विभाग को खुली चुनौती दे गए। इधर, वन विभाग ने तीन नामजद समेत 15 अज्ञात के खिलाफ पुलिस को तहरीर सौंपी है।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

बीते बुधवार रात पीपल पड़ाव रेंज के अंर्तगत प्लॉट संख्या 40 में वन माफिया ने सागौन के 14 हरे पेड़ काट डाले। इन पेड़ों की गोलाई 4 से 6 फीट की है। यह घटना पीपल पड़ाव रेंज ऑफिस से करीब 1.5 किमी दूर की है। तड़तड़ाकर गिर रहे पेड़ों की आवाज जंगल में गूंजी तो आरओ पूरन चंद्र जोशी टीम के साथ मौके पर पंहुचे। वनकर्मियों को अपनी ओर आता देख लकड़ी माफिया हवाई फायरिंग करते हुए मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते कटे पेड़ों के ठूंठ में अभी तो यह ट्रेलर है, लिख गए। आरओ जोशी ने बताया कि वन विभाग द्वारा लकड़ी तस्करों पर की जा रही सख्ती के बाद यह द्वेष भावना में किया गया कृत्य है। फिलहाल तीन नामजद समेत 15 लोगों के खिलाफ गदरपुर थाने में तहरीर दी गई है।

पीपल पड़ाव रेंज में आए दिन पेड़ों को काटकर ले जाने के मामले सामने आते रहते हैं, लेकिन इस बार जंगल में ही वन तस्करों ने वन विभाग को खुली चुनौती दे डाली।

काटे गए पेड़ों के ठूंठ पर वन तस्करों ने वन बीट वाचर अनिल का भी नाम लिखा है। साथ ही लिखा है कि अनिल भाई अगली बार पचास। वहीं इस घटना के बाद वन विभाग के अधिकारी भले ही कह रहे हों कि वन माफिया के खिलाफ हो रही सख्ती के बाद द्वेष में यह काम किया गया हो, लेकिन यह विभाग के लिए खुली चुनौती से कम नहीं है। पीपल पड़ाव रेंज से लकड़ी तस्करी की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। खास बात यह है कि इन सभी घटनाओं में तस्कर मौके से फरार हो गए। 7 सितंबर 2024 को सागौन के 10 लट्ठे, 10 सितंबर को 49 खैर के गिल्टे बरामद किए गए। 16 मई 2025 में शीशम और सागौन के गिल्टे हरिपुरा जलाशय से बरामद किए गए। 24 मई को विभाग की टीम ने हरिपुरा जलाशय के समीप खैर के 70 गिल्टे बरामद किए। 29 मई को जंगल से नाव द्वारा खैर की तस्करी करके लाए गए 15 गिल्टे जब्त किए।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।