यमुना राम और संस्कृति कर्मी मनोज रावत को मिला स्मृति सम्मान
पत्रकारिता के मौन साधक ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर नागरिक कल्याण समिति और उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर पौधरोपण, सफाई कार्य और मरीजों को फल वितरण किया...

पत्रकारिता के मौन साधक और नागरिक मंच पौड़ी के संस्थापक ललित मोहन कोठियाल की पुण्यतिथि पर नागरिक कल्याण समिति पौड़ी और स्व. उमेश डोभाल स्मृति ट्रस्ट द्वारा संयुक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उनको विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम के तहत ललित मोहन कोठियाल स्मृति वाटिका में पौधरोपण और सफाई कार्य किया गया। दोनों संगठनों के निरंतर प्रयासों से शहर के मध्य देवदार, बांज जैसे पेड़ों सहित फलदार वृक्ष की एक मिश्रित वाटिका विकसित हो चुकी है। इसके बाद जिला चिकित्सालय में भर्ती मरीजों को फल वितरण किए गए। वहीं, डीएवी इंटर कॉलेज पौड़ी में आयोजित समारोह में ललित मोहन कोठियाल के चित्र पर माल्यार्पण करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
कार्यक्रम में पौड़ी नगर के विभिन्न स्कूलों के मेधावी छात्राओं को सम्मानित किया गया। इस दौरान नागरिक मंच पौड़ी द्वारा नगर में सांस्कृतिक गतिविधियों और और रंगमंच के माध्यम से पौड़ी का नाम अखिल भारतीय स्तर पर रोशन करने के लिए नवांकुर नाट्य समूह के रंगकर्मी लेखक एवं निर्देशक यमुना राम और नगर के प्रसिद्ध संस्कृति कर्मी, गीतकार, गायक व संगीतकार मनोज रावत 'अंजुल' को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए स्व. ललित मोहन कोठियाल स्मृति सम्मान प्रदान किया गया। इस मौके पर ट्रस्ट के सचिव नरेश नौड़ियाल, मनोज दुब्री, गबर सिंह नेगी, प्रशांत नेगी, सुरेश नौटियाल, आशीष नेगी आदि शामिल रहे।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




